ईंट भट्ठे का मजदूर गायब, परिजन परेशान
गड़वारा। अंतू थाना क्षेत्र के आममऊ ककरहा स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने वाला मजदूर गायब हो गया। जिसे लेकर परिजन परेशान हैं। छत्तीसगढ़ प्रांत के पचखेड़ी निवासी गया प्रसाद अपने बेटे हेमराज के साथ परिवार के लोगों को लेकर सुनील सिंह के ईंट भट्ठे पर काम करने आया था। सोमवार को वह बिहारगंज बाजार गया था, लेकिन लौटकर नहीं आया। परेशान परिजनों ने गुमशुदगी की तहरीर पुलिस को दी है।
बदमाशों ने युवती से छीना मोबाइल
उड़ैयाडीह। बाइक सवार बदमाशों ने पिता के साथ रिश्तेदारी से लौट रही युवती से मोबाइल छीन लिया। पट्टी कोतवाली के बंशीपट्टी निवासी अशोक मौर्य अपनी बेटी सुषमा के साथ रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। पृथ्वीगंज-उड़ैयाडीह मार्ग पर पल्सर सवार बदमाशों ने स्कूटी रोककर सुषमा के हाथ से मोबाइल छीन लिया। बदमाश लूटपाट के बाद भाग निकले।
टायर फटने से कार पलटी, बाराती घायल
मदाफरपुर। बारात लेकर जा रही कार टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार बाराती घायल हो गए। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सरायरजई में बुधवार की रात अतरसंड बारात लेकर जा रही कार का टायर फट गया। जिससे कार बेकाबू होकर पलट गई। कार में सवार कृपाशंकर (32), शिवभवन (30), रामकृपाल (36), रामचंद्र वर्मा (38) को गंभीर चोटें आईं। बाजार के करीब मौजूद सिपाहियों ने कार सवार घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा।