मामूली कहासुनी के बाद बहू ने सास को पीट दिया। इसके बाद उसके कपड़े में आग लगा दी। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े तो बहू पति के साथ भाग निकली। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नगर कोतवाली के कटरामेदनीगंज अवनपुर मोहल्ले में माया जैन पत्नी सुमत कुमार जैन अपने परिवार के साथ रहती है। रविवार की सुबह माया और उसकी बहू शिवानी जैन के बीच आटा गूथने को लेकर रसोईघर में विवाद होने लगा। माया का आरोप है कि बहू शिवानी ने उसे मारापीटा और नीचे गिरने पर कपड़े में आग लगा दी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो वह पति अमित जैन को लेकर भाग निकली। भागते समय मोबाइल समेत रुपये पैसे भी लेती गई। घटना की जानकारी मिलने पर सिटी चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। शिवानी का विवाह 6 साल पहले अमित के साथ हुआ है। शिवानी के चार साल का बेटा है। जो अपने ननिहाल बहराइच में रहता है। शिवानी ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके चलते सास, ससुर व पति साल भर पहले जेल जा चुके हैं। शिवानी ससुराल में रहने के साथ ही गुजारा भत्ता भी ले रही है। पूछताछ के बाद बेटे व बहू की तलाश में पुलिस निकल पड़ी। खबर भेजे जाने तक दोनों का पता नहीं चला।