टेंपो की टक्कर से बाइक सवार घायल
प्रतापगढ़। अनियंत्रित टेंपो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टर ने हालत नाजुक देख प्रयागराज मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। कंधई के कोनी गांव निवासी सोनू पटेल रविवार को बाइक से पेट्रोलपंप पर जा रहा था। गांव के पास ही टेंपो की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घर में घुसकर महिला के साथ अश्लील हरकत करना पड़ा भारी
आरोपी की पिटाई कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़। घर में सो रही महिला के साथ अश्लील हरकत करना एक युवक को भारी पड़ गया। महिला के शोर मचाने पर युवक भागने लगा। इस दौरान वह छत की रेलिंग से नीचे जा गिरा। मौके पर जुटे लोगों ने पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
नगर कोतवाली के राजगढ़ निवासी कुमार गुप्ता डीजे संचालक है। उसने बबुरहा मोड़ पर मकान बनवा रखा है। शनिवार को उसके परिवार में एक कार्यक्रम था। वह पुराने घर गया था। नए मकान में उसकी पत्नी और बेटा मौजूद थे। रात करीब 11 बजे नगर कोतवाली के श्रीनाथपुर निवासी सुशील अपने साथियों के साथ पहुंच गया। घर में घुसकर वह कुमार की पत्नी के साथ अश्लील हरकत करने लगा। महिला के शोर मचाने पर वह भागने लगा। इस दौरान वह रेलिंग से नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने उसकी पिटाई कर भुपियामऊ पुलिस के हवाले कर दिया। कुमार गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने सुशील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सुशील और उसके साथियों की तीन बाइक कोतवाली उठा लाई। वहीं पकड़े गए युवक का आरोप है कि वह डीजे का ऑपरेटर है। कुमार गुप्ता के डीजे पर रहता था। मजदूरी मांगने गया था और उसकी पिटाई कर दी गई।
जहर खाने से दो लोगों की हालत बिगड़ी
प्रतापगढ़। घरेलू कलह में जहर खाने से दो लोगों की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कंधई के जैतीपुर गांव निवासी 20 वर्षीय युवती ने मां की फटकार से नाराज होकर जहर खा लिया। कोहड़ौर के सरौली गांव निवासी 22 वर्षीय युवती ने भी जहर खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया।
फोटो------
हादसे में घायल ठेकेदार ने तोड़ा दम
बेलखरनाथधाम। सड़क हादसे में घायल ठेकेदार ने इलाज के दौरान प्रयागराज में दम तोड़ दिया। खबर घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। कंधई थाना के लववार निवासी ठेकेदार राजेश सिंह तीन दिन पहले सड़क हादसे में घायल हो गए थे। इलाज के दौरान प्रयागराज में उन्होंने दम तोड़ दिया। खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम शव घर पहुंचा।
संदिग्ध परिस्थितियों मे लगी आग
रखहा। कधंई थाना क्षेत्र के बीगा गांव निवासी रंजीत पुत्र राज बहादुर के घर और छप्पर मे शनिवार की रात अचानक आग लग गई। घर के लोग बाहर सो रहे थे। आग की लपटें उठने पर लोगों की नींद खुली। तब तक घर में रखे सामान जलकर राख हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
ट्रक चालक ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, ड्राइवर घायल
बीरापुर। फतनपुर थाना क्षेत्र के हरिपालमऊ गांव निवासी अमृतलाल यादव रुद्रपुर उत्तराखंड में एक कंपनी का ट्रक चलाता है। रविवार को ट्रक लेकर अपने गांव हरिपालमऊ जा रहा था। फतनपुर-बीरापुर मार्ग पर गीता नगर बाजार में सामने से आ रहे ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर चालक आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक अमृतलाल यादव को भी चोटें आई हैं।
रास्ते के विवाद में मारपीट, दो महिलाएं घायल
संड़वाचंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी गुड्डू का पड़ोस के ही वीरेंद्र सिंह से रास्ते को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। रविवार को दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बात बढ़ी तो मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में गुड्डू की पत्नी सीमा देवी चोटिल हो गई। दूसरे पक्ष से वीरेंद्र की पत्नी किरण सिंह घायल हो गई। गुड्डू ने पुलिस को तहरीर देकर किरण सिंह, विक्की तथा गुंजा पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष से वीरेंद्र सिंह ने भी पुलिस को तहरीर देकर सीमा देवी पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद में भाई को पीटा
संड़वा चंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र के कटका मानापुर निवासी हरिश्चंद्र वर्मा का भाई रमेश वर्मा से काफी दिनों से विवाद चल रहा है। रविवार सुबह दोनों भाइयों में विवाद होने लगा। इसी दौरान छोटे भाई रमेश ने हरिश्चंद्र को लाठी से पीट कर जख्मी कर दिया।
पड़ोसी युवक पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
बीरापुर। रानीगंज थाना क्षेत्र के बसहा जामताली गांव के रहने वाली एक महिला के घर में शनिवार की रात दीवार फांदकर एक युवक पहुंच गया। उसके बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
शिक्षक ने फांसी लगाकर दी जान
संडवाचंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र में एक शिक्षक ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अंतू थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी राय साहब सिंह (55) एक प्राइवेट विद्यालय में शिक्षक थे। रविवार शाम कमरे के अंदर पंखे के सहारे फंदा बनाकर उन्होंने फांसी लगा ली। काफी देर बाद जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजन अंदर गए। देखा तो उनका शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर परिवार को कोई भी सदस्य कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है।