मुठभेड़ में पुलिस के हत्थे चढ़ा लुटेरों का गिरोह
तीन बदमाशों के पास से लूट के 7 हजार रुपये, बैग समेत असलहे बरामद
लगेगा गैंगस्टर, लूट की कई घटनाओं का खुलासा, लूटी गई बाइक भी मिली
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लुटेरों के गिरोह को पुलिस ने मुठभेड़ में धर दबोचा। लूटी गई बाइक व सात हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में बदमाशों ने कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि रामलीला मैदान भैरोपुर में शनिवार की रात नगर कोतवाल, स्वाट टीम और सर्विलांस की टीम बदमाशों की धरपकड़ के लिए पहुंची। जहां बाइक सवार तीन बदमाश अंडरपास से निकले। पुलिस ने उन्हें रोका, लेकिन वह फायर करते हुए भागने लगे। इस पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए तीनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन तमंचा, कारतूस, बाइक, गैस एजेंसी से लूटा गया बैग व कर्मचारी का आधार कार्ड समेत सात हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश बाबू खां उर्फ इमदाद कुरैशी पुत्र रईस खान, शमशुल उर्फ शम्स पठान पुत्र मोबीन निवासी अचलपुर और गोविंद उर्फ गोविंदा उर्फ बृजेंद्र कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी अजीत नगर ने कई लूट की घटनाओं की जानकारी दी। बाबू खां ने बताया कि बाइक जोगापुर के पास 10 नवंबर को समशुल और जीशान निवासी दीवानगंज के साथ मिलकर लूटी थी। उसी बाइक से 26 दिसंबर को यश गैस एजेंसी टक्करगंज के सेल्समैन शुभम मिश्रा से 27 हजार रुपये लूटे थे। जिसमें पैसा व गैस रसीद भी थी। जिसकी रेकी कासिद पुत्र नब्बन खां निवासी आजाद नगर ने की थी। 15 दिसंबर को समशुल व हसनमुल्ला उर्फ हसनउल्ला पुत्र रईस निवासी आजादनगर के साथ मिलकर सचौली के दुकानदार को गोली मारकर 17 सौ रुपये लूटे थे। समशुल ने बताया कि हसनमुल्ला व मेहंदी उर्फ नौशाद निवासी दहिलामऊ के साथ मिलकर लूटी गई बाइक का प्रयोग करते हुए जोगापुर में आदर्श आयल एजेंसी से रुपये लूटने के दौरान दुकानदार के बेटे को गोली मारी थी। पुलिस ने पकड़े गए तीनों लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसपी ने लुटेरों के गैंग पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई का आदेश दिया है।
इनसेट------
लुटेरों को मिलती है इन स्थानों पर पनाह
बदमाशों को नगर कोतवाली के कई जगहों पर पनाह मिलती है। पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि घटनाओं के बाद पुलिस से बचने के लिए आजाद नगर, भुलियापुर, कांशीराम कालोनी जोगापुर, अचलपुर व पूरे केशवराय को ठिकाना बनाते हैं। इन स्थानों पर अब पुलिस की निगाह गड़ चुकी है।
इनसेट------
एलएलबी की परीक्षा देने आया था घर
बाबू खां उर्फ इमदाद ने पूछताछ में बताया कि वह एलएलबी की परीक्षा देने के लिए घर आया था। एसपी ने बताया कि बाबू खां व समशुल के पिता मुंबई में टैक्सी चलाते हैं। ऐसे में दो चार वारदातों को अंजाम देने के बाद बदमाश यहां से भागकर मुंबई चले जाते थे। वहां से छह माह व सालभर के बाद लौटते थे । जिससे पुलिस को उनके बारे में पता नहीं चल पाता था।
इनसेट-----
पुलिस पर फायरिंग करते छूटा था कासिद का बैग
शुक्रवार को भुलियापुर में बदमाशों को पकड़ने पहुंची पुलिस पर फायरिंग कर भागने वालों में आजाद नगर का रहने वाला कासिद निवासी आजाद नगर भी था। भागते समय उसका बैग व लूटी गई बाइक छूट गई थी। जो कई घटनाओं में प्रयोग की गई थी। बैग में कासिद के कपड़े, आधार कार्ड व कुछ अभिलेख रखे थे। जिसकी तलाश में पुलिस की दबिश चल रही है।