ओवरलोड ट्रक ने ली युवक की जान, साथी गंभीर
लालगंज-सांगीपुर मार्ग पर बाइक में टक्कर मारने के बाद चबूतरे से टकराकर पलट गया मोरंग लदा ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो
सांगीपुर (ब्यूरो)। लालगंज-सांगीपुर मार्ग पर गुरुवार को ओरीपुर नौगीर गेट के पास ओवरलोड मोरंग लदे अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। बेकाबू ट्रक सड़क किनारे बने चबूतरे से टकराने के बाद पलट गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अगई गांव निवासी शहबाज (19) पुत्र इब्राहीम गुरुवार को अपने दोस्त शहनशाह (20) पुत्र नजमुल हसन के साथ सुबह लगभग 10.30 बजे सांगीपुर बाजार से लौट रहा था। दोनों जैसे ही ओरीपुर नौगीर गेट के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ओवरलोड मोरंग लदे ट्रक ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगी गुमटी को तोड़ते हुए पक्के चबूतरे से टकराकर पलट गया। हादसे में बाइक चला रहे शहबाज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा शहनशाह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस के साथ परिजन भी भागकर मौके पर पहुंचे। ट्रक पलटने के बाद ट्रक चालक व खलासी भाग निकले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इनसेट
बाल-बाल बचे चबूतरे पर बैठे लोग
बाइक में टक्कर मारने के बाद बेकाबू ट्रक सड़क किनारे बने पक्के चबूतरे से टकराने के बाद पलट गया। घटना के वक्त चबूतरे पर कई बैठे थे। ट्रक को चबूतरे की तरफ आते देख लोग भाग निकले। लोगों का कहना था कि न भागने पर वह भी ट्रक की चपेट में आ सकते थे।
पूर्व एमएलसी ने की पदयात्रा
सांगीपुर (ब्यूरो)। भाजपा नेता व पूर्व विधान परिषद सदस्य विंध्यवासिनी कुमार ने गुुरुवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष सूबेदार सिंह के साथ सांगीपुर ब्लाक के राकी गांव में पदयात्रा कार्यक्रम में भाग लिया। उनके साथ लालगंज के पूर्व प्रमुख रमेश प्रताप सिंह, यादवेंद्र सिंह, राकेश सिंह, अभिषेक सिंह समेत कई लोग रहे।