दांदूपुर रेलवे क्रासिंग के गेटमैन को गुरुवार को एक मैजिक चालक ने पीट दिया। वह पंजाब मेल आने की सूचना पर गेट बंद कर रहा था। पिकअप चालक उस पर गेट खोलने के लिए दबाव बना रहा था। घटना के चलते करीब 15 मिनट तक आउटर पर पंजाब मेल खड़ी रही। सूचना पर स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने इसकी शिकायत रानीगंज पुलिस के साथ आरपीएफ से की है।
दांदूपुर पूर्वी रेलवे क्रासिंग पर गेटमैन विनोद यादव की तैनाती है। गुरुवार सुबह 11.10 बजे पंजाब मेल गौरा रेलवे स्टेशन पहुंची। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर शिवमंगल को हुई। उन्होंने दांदूपुर पूर्वी के गेटमैन विनोद यादव को फोन पर नंबर नोट कराया और गेट बंद करने के लिए कहा। स्टेशन मास्टर के निर्देश पर विनोद यादव गेट बंद कर रहा था। इस बीच रानीगंज से बीरापुर की ओर चालक पिकअप लेकर अंदर घुस गया। इससे गेट तो गिर गया, मगर लॉक नहीं हो सका। गेट लॉक न होने के कारण सिग्नल नहीं बना। जिससे पंजाब मेल आउंटर पर आकर खड़ी हो गई। केबिनमैन ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर के कहने पर केबिनमैन ने गेट खोलकर पहले पिकअप डाला को पास कराया। फिर से गेट बंद किया।