अधिवक्ता दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट
लाखों रुपये के जेवरात व लाइसेंसी बंदूक उड़ाया
घटना से आक्रोशित वकीलों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज कैथौला (ब्यूरो)। अधिवक्ता दंपति को बदमाशों ने बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात व नगदी पार कर दिया। इस दौरान नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिससे दोनों बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने तहसील में जमकर हंगामा किया। पीड़ित अधिवक्ता ने नामजद तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लालगंज कोतवाली के जगन्नाथपुर निवासी अधिवक्ता अजय सिंह अपने परिवार के साथ रविवार की रात घर में सो रहे थे। आधी रात को सीढ़ी के सहारे आधा दर्जन बदमाश तमंचा व लोहे की राड लेकर उसके घर के भीतर घुस गए। आहट पर अधिवक्ता की नींद खुली तो वह बदमाशों को सामने देख दंग रह गया। बदमाशों ने अधिवक्ता व उसकी पत्नी को रस्सी से चारपाई में बांध दिया। आरोप है कि बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिससे दोनों अचेत हो गए। इसके बाद बदमाश कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखा लाखों रुपये का जेवरात उड़ा दिया। बदमाश अधिवक्ता की लाइसेंसी बंदूक भी उठा ले गए। घटना की जानकारी भोर में होने पर गांव के लोग अचेत अधिवक्ता को उपचार के लिए लालगंज सीएचसी पहुंचाया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सोमवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर तहसील में अधिवक्ता के साथी आक्रोशित हो उठे और संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्र की अगुवाई में तहसील व कोतवाली में प्रदर्शन कर केस दर्ज करने की मांग की। बाद में अधिवक्ताओं का हुजूम सीओ ओपी द्विवेदी से मिलने पहुंचा और कार्रवाई की मंाग की। पीड़ित अधिवक्ता अजय सिंह की ओर से सांगीपुर इलाके के कुछ लोगों को नामजद करते हुए तहरीर पुलिस को दी गई। लालगंज कोतवाल ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
फोटो
बंद के आह्वान पर कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन
पेट्रोल पंप व दुकानें कराई बंद, बाजार में अफरा तफरी का माहौल
धरना देकर मोदी सरकार को हर मोर्चे पर बताया नाकाम
अमर उजाला ब्यूरो
लालगंज। पेट्रोल व डीजल के दामों में हो रही मूल्य वृद्धि व लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित भारत बंद के तहत नगर में विरोध प्रदर्शन दिखाई दिया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के निर्देश पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी व मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल की अगुवाई में सोमवार को सुबह से ही कांग्रेसियों का जमावड़ा कैंप कार्यालय पर जुटने लगा। दस बजे के करीब कार्यकर्ताओं का हुजूम मंहगाई व पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्य वृद्धि को लेकर सडक़ पर उतर आया। मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी हाथों में मोदी सरकार के खिलाफ नारे लिखी पट्टियां लेकर नगर की सडक़ों पर विरोध मार्च निकाल कर घूमने लगे। कांग्रेसियों को सडक़ पर देख व्यापारियों ने फटाफट दुकानें बंद करनी शुरू कर दी। व्यापार मंडल अध्यक्ष शत्रुघन शुक्ल व संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष भी समर्थकों के साथ कांगे्रस की ओर से बुलाए गए भारत बंद में शामिल हो गए। देखते ही देखते लालगंज की दुकानें पूरी तरह से बंद हो गई। पेट्रोल पंप खुले होने की जानकारी मिलने पर कांग्रेसी पहुंच गए और समझा बुझाकर पेट्रोल पंप को बंद कर दिया। इसके पश्चात कांग्रेसियों ने इंदिरा चौक पर धरना दिया। इसमेें ब्लाक प्रमुख ददन सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, देवी प्रसाद मिश्र, प्रधान संघ अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी, सुधीर तिवारी, अशोक सिंह आदि ने मंहगाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर मंहगाई व पेट्रोलियम पदार्थ के दाम कम नहीं हुआ तो कांग्रेसी आंदोलन को और तेज करेंगे। इस मौके पर पप्पू तिवारी, शैलू सिंह, बबलू तिवारी, इबादुर्रहमान, झल्लर दुबे, अंशुमान तिवारी, त्रिभू तिवारी, ओम पांडेय, अंबुज मिश्र, आकाश मिश्र, शिवम पांडेय, अजय शुक्ल, प्रीतेंद्र ओझा, सिंटू मिश्र, मुरलीधर तिवारी, छोटेलाल सरोज, रमेश कौशल, पप्पू जायसवाल आदि मौजूद रहे।
धरना प्रदर्शन कर सपाइयों ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
लालगंज (ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपाइयों ने तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। सपा के रामपुर खास विधानसभा अध्यक्ष टीपी यादव की अध्यक्षता में आयोजित धरने में पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया। टीपी यादव ने कहा कि जातिवाद व सांप्रदायिकता को बढ़ावा देकर भाजपा सरकार के कार्यकाल में आपातकाल जैसा माहौल पैदा हो गया है। गरीब, कमजोर, मजदूर के साथ ही अल्पसंख्यक व पिछड़ा वर्ग के लोगों पर अन्याय व अत्याचार हो रहा है। श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं व बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं है। बेरोजगारों को नौकरी के लिए भटकना पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि नौकरी मांगने वालों को सरकार की लाठियों का सामना करना पड़ रहा है। सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी दिनेश मिश्र को सौंपा। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव राजेश यादव ने किया। इस मौके पर रामधन यादव, ओपी पटेल, रामलगन यादव, प्रवीण यादव, संतोष वर्मा, राजेंद्र विश्वकर्मा, हरकेश विश्वकर्मा, बाबूलाल वर्मा, मानवेंद्र यादव, मोतीलाल यादव, अमृतऱ्लाल यादव, राजेश मौर्य, बलाल बहादुर यादव आदि मौजूद रहे।
भंडारे में श्रद्धालुओं को वितरित किया गया प्रसाद
रानीगंज कैथौला(ब्यूरो)। स्थानीय बाजार स्थित रामजानकी मंदिर पर रविवार को छठी के पर्व पर बाल भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना भी शामिल हुई। भंडारे में देर शाम तक क्षेत्रीय लोगों व राहगीरों को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर सुनील जायसवाल, सत्येंद्र सिंह, संतोष सिंह, इंद्रेश यादव, शरद सिंह, श्यामलाल वर्मा, पप्पू जायसवाल, नीरज जायसवाल, रवि सिंह आदि मौजूद रहे।
तालाब पर अवैध कब्जे की जिलाधिकारी से शिकायत
रानीगंज कैथौला (ब्यूरो)। लालगंज विकास खंड के पंडऱी गांव में तालाब की जमीन पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर खेती कर रहे हैं। गांव के तुलसीराम, प्रशांत कुमार, मुन्नालाल आदि ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि स्थानीय लेखपाल समेत अफसरों से कई बार शिकायत की। लेकिन आरोपियों की मिलीभगत के चलते अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। आरोप है कि समाधान दिवस में शिकायत करने पर डीएम ने सप्ताह भर में जांच का आदेश दिया था। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। एसडीएम दिनेश मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई कराई जाएगी।
विवाहिता की हत्याकर शव गायब करने की शिकायत, केस
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में आक्रोश
लालगंज (ब्यूरो)। विवाहिता की हत्या कर शव गायब करने की शिकायत पर पुलिस ने छह ससुरालीजनों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में आक्रोश है।
कुंडा कोतवाली के शेखपुर सहजनी निवासी देवी प्रसाद शुक्ल की बेटी आराधना उर्फ शीलू(25) का विवाह दो वर्ष पूर्व लालगंज कोतवाली के ओझा का पुरवा के विजयकांत उर्फ साहब तिवारी के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद एक लाख रूपए दहेज की मांग को लेकर पति समेत ससुरालीजन उसे प्रताड़िततकरने लगे। आरोप है कि बीती चार सितंबर को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शीलू की हत्या कर शव कहीं छिपा दिया। इसकी जानकारी रिश्तेदारों के माध्यम से मायके पक्ष के लोगों को हुई तो जानकारी के लिए ओझा का पुरवा पहुंचे, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद शीलू के पिता देवी प्रसाद सिंह ने पति विजयपाल समेत कमलेश कुमारी, सूर्यकांत, शशिकांत, शिवराम व गोकरन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। शिकायत पर पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या, जानलेवा धमकी समेत कई धाराओं के केस दर्ज किया है। कोतवाल ने बताया की छानबीन की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।