सदर विधायक के मीडिया प्रभारी की दुकान पर लूटपाट
तोड़फोड़ के बाद लूट ले गए 18 हजार रुपये
बाइक से दर्जन भर सवार लोगों ने बोला था धावा
अमर उजाला ब्यूरो
गड़वारा। सदर विधायक के मीडिया प्रभारी के किराने की दुकान पर बाइक सवार दर्जन भर लोगों ने धावा बोला। दुकान में तोड़फोड़ करने के बाद हमलावर भाग निकले। घटना से पूरा परिवार सहमा हुआ है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना को वर्चस्व की लड़ाई पुलिस बता रही है।
अंतू थाना क्षेत्र के पूरे अंती निवासी यशवंत पटेल सदर विधायक संगमलाल गुप्ता के मीडिया प्रभारी हैं। उनकी किराने की दुकान पूरे अंती में है। दुकान पर मीडिया प्रभारी के माता पिता बैठते हैं। रविवार दोपहर आठ बाइकों से दर्जन भर युवक पहुंचे। वे बिना कुछ पूछे दुकान के भीतर रखे सामान क्षतिग्रस्त करने लगे। जब यशवंत की मां ज्ञानमती देवी ने रोका तो हमलावर ने धक्का देकर गिरा दिया। हमलावरों ने गल्ले में रखा बिक्री का 18 हजार रुपये भी लूट लिए। दुकान से कीमती सामान भी हमलावर उठा ले गए। बाजार के लोगों के दौड़ने पर हमलावर भाग निकले। शिकायत मिलने पर पुलिस पहुंची और घटना की छानबीन करने के बाद वापस लौट गई। इस मामले में अद नेता की मां ने पुलिस को तीन नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। बताते हैं कि आरोपियों में एक दहिलामऊ और दो पचखरा के रहने वाले थे। पुलिस घटना को वर्चस्व से जोड़कर देख रही है।