प्रतापगढ़। जीआईसी कालोनी में मंगलवार सुबह एक सिरफिरे युवक ने खलबली मचा दी। कालोनी में रहने वाली एक किशोरी को तमंचे के बल पर धमकाता हुए उसका गला दबा दिया। बोला, ‘मुझसे बात करो नहीं तो गोली मार दूंगा’। बेटी को बचाने दौड़ी मां को भी आरोपी युवक ने धमकी दी।
कांशीराम कालोनी में ई-रिक्शा चालक पप्पू का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे कालोनी में बेगमवार्ड का रहने वाला शादाब हाथ में असलहा लेकर पहुंचा। वह सीधे पप्पू के कमरे के सामने रुका। आरोप है कि जैसे ही पप्पू की बेटी बाहर निकली, उसी समय शादाब ने उसे रोकते हुए तमंचा निकाल लिया। बोला कि वह उससे बात क्यों नहीं करती। तमंचा देख किशोरी डर गई। वह वहां से भागने लगी तो शादाब ने उसका गला पकड़ लिया और उसे पीटने लगा। शोरशराबा सुनकर लोग दौड़े, लेकिन तमंचा देख पीछे हट गए। इस बीच पप्पू की पत्नी बाहर निकली तो हालात देख दंग रह गई। वह विरोध करने लगी तो शादाब ने उसे भी धमकाया। इसके बाद वह असलहा लहराते हुए वह चला गया। आरोपी के हाथ में असलहा देख लोग अनहोनी की आशंका में सहमे रहे। इस मामले की शिकायत पीड़ित परिवार ने पुलिस से की। मौके पर पहुंची पुलिस खानापूर्ति कर लौट गई। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा। देर शाम पुलिस ने शादाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।