काम करने से मना करने पर राजमिस्त्री को दबंगों ने पीटा
आक्रोशित ग्रामीणों ने घेरा थाना, कार्रवाई के आश्वासन पर माने
अमर उजाला ब्यूरो
शमशेरगंज। काम करने से मना करने पर राजमिस्त्री को दबंगों ने लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।
जेठवारा थाना क्षेत्र के चमरूपुर शुक्लान निवासी भारतलाल प्रजापति (40) राजमिस्त्री का काम करता है। गांव के कुछ लोगों ने उससे घर का काम करने के लिए कहा था। भारतलाल ने समय न होने की बात कहते हुए इनकार कर दिया। जिससे खार खाए दबंगों ने सोमवार को उसे लाठी-डंडे से पीटा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीण थाने का घेराव कर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। एसओ जेठवारा ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। तब जाकर लोग लौटे।
डीजे संचालक को पीटा, रुपये व मोबाइल छीने
संडवाचंदिका। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने डीजे संचालक को मारपीट कर उससे रुपये व मोबाइल छीन लिए। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पतावां निवासी अभयराज वर्मा मांगलिक कार्यक्रम में डीजे बजाता है। रविवार को कांपा निवासी देशराज वर्मा के घर से अंतू थाना क्षेत्र के जोगीपुर श्रीराम वर्मा के यहां बारात आई थी। रात करीब एक बजे बारात में आए तीन युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर डीजे संचालक अभयराज वर्मा से विवाद हो गया। डीजे संचालक को हमलावरों ने जमकर पीटा और उसके पास से मोबाइल व 15 हजार रुपये भी छीन ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
किशोरी को पीटा, कपड़े फाड़े
बीचबचाव करने पहुंचे भाई व चाचा को भी हमलावरों ने पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
जेठवारा। बदनियती से किशोरी को घर के भीतर घसीटकर ले जा रहे हमलावरों ने उसके कपड़े फाड़ डाले। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई व चाचा को भी पीटा। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के बरापुर भीख निवासी हसीब का पड़ोसी से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि सोमवार की सुबह हसीब की बहन कैसर घर के बाहर अकेली बैठी थी। तभी पड़ोस के तीन युवक पहुंचे और बदनियती से उसे पकडक़र घसीटते हुए घर के भीतर ले जाने लगे। विरोध करने पर मारापीटा। इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए। कैसर के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के साथ भाई हसीब व चाचा यूनुस दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के दौडने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजने के साथ ही आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिले।
कुसमी प्रधानपुत्र पर जानलेवा हमले करने वालों पर मुकदमा
एक आरोपी को पुलिस ने तमंचे के साथ दबोचा, भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कुसमी के प्रधानपुत्र पर जानलेवा हमले करने वाले तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। एक आरोपी को पुलिस ने तमंचे के साथ दबोचकर जेल भेज दिया।
नगर कोतवाली के कुसमी में शनिवार की रात प्रधानपुत्र तौहीद आलम व पड़ोसी रफीक से विवाद हो गया था। इस मामले में तौहीद की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने बब्बू निवासी मीराभवन, नोमान पुत्र रफीक कुसमी और कोहड़ौर के औरंगाबाद निवासी जीतेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। भुपियामऊ चौकी प्रभारी ने प्रधानपुत्र पर हमले के एक आरोपी जितेंद्र बहादुर सिंह पुत्र नागेंद्र बहादुर सिंह निवासी औरंगाबाद थाना कोहड़ौर को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया।
जमीन विवाद में महिला को पीटा
संडवाचंदिका। जमीन विवाद में पड़ोसियों ने महिला को पीटकर घायल कर दिया। अंतू थाना क्षेत्र के वीर का पुरवा निवासी लाखो देवी ने सोमवार को अंतू पुलिस को तहरीर देते हुए पड़ोसी रामनरेश व उसके परिवार के लोगों पर मारापीट कर आरोप लगाया है। विवादित जमीन पर ही लाखो देवी ने जानवर बांधने के लिए खूंटा गाड़ा है। आरोप है कि रामनरेश ने खूंटा उखाडने के साथ ही चबूतरा तोड़ दिया। विरोध करने पर लाखों देवी को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।