फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस की पहुंच से दूर हैं सराफ के हत्यारोपी

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस की पहुंच से दूर हैं सराफ के हत्यारोपी
विज्ञापन

दबिश के बाद भी नहीं मिल सकी कामयाबी
पट्टी (ब्यूरो)। सराफा कारोबारी की हत्या व लूट के मामले में आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिलने के बाद खुलासे में जुटी पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक वह हाथ नहीं लगे हैं।
कस्बे के सराफा व्यापारी गंगा प्रसाद सोनी पुत्र भोलानाथ की 13 मई की शाम दुकान बंदकर लौटते समय डेढ़ुआ गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस की जांच में आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली है। घटना को अंजाम देने वाले बदमाश चिह्नित किए जा चुके हैं। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश घर छोडक़र फरार हैं। उनकी धरपकड़ के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है। इधर, व्यापारियों में अब तक खुलासा न होने को लेकर आक्रोश पनप रहा है। सीओ पट्टी जिलाजीत चौधरी ने बताया कि पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द खुलासा होगा।
विज्ञापन

इनसेट
व्यापारियों ने की मंत्री मोती सिंह से मुलाकात
नगर के सराफा व्यापारी की हत्या का अब तक खुलासा न होने पर एक प्रतिनिधमंडल काबीना मंत्री मोती सिंह से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मिला और अपना दर्द बयां किया। प्रतिनिधिमंडल में मृतक व्यापारी के भाई ब्रह्मदेव सोनी, आशीष खंडेलवाल, प्रमुख पट्टी राकेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह आदि शामिल रहे। मंत्री मोती सिंह ने डीएम को पत्र भेजकर लाइसेंस निर्गत करने तथा मामले में कार्रवाई के लिए लिखा है।
चौक पर आए दिन लग रहा जाम, लोग परेशान
पट्टी (ब्यूरो)। नगर चौक पर आए दिन जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। चौक के आसपास की पटरियों पर दुकानदारों के कब्जे तथा चौक पर ही मैजिक वालों द्वारा अड्डा बना लेने से यह समस्या अब विकट रूप धर रही है। सहालग का समय होने के कारण मुख्यालय पर खरीदारी करने वालों की भीड़ के साथ वाहनों का आवागमन चौक पर बना रहता है। ऐसे में जरा सी चूक पर भीषण गर्मी में लंबा जाम लग जाता है। कई बार तो पुलिस वालों को आकर जाम खुलवाना पड़ता है तब जाकर समस्या का निदान होता है। तहसील के प्रशासनिक अफसर भी इसी रास्ते से गुजरते हैं और खुद भी अक्सर जाम में फंसते हैं, लेकिन फिर भी अब तक इस समस्या का निदान नहीं किया जा सकता है। चौक के आसपास के व्यापारियों ने नगर में लग रहे इस जाम से निजात दिलाए जाने की मांग की है।
दुल्हन को मंडप से उठाने की धमकी,तहरीर
पट्टी(ब्यूरो)। शादीशुदा दूल्हे से विवाह करने से इनकार पर वर पक्ष दबंगई पर उतर आया है। दुल्हन को मंडप से उठा ले जाने की धमकी दी जा रही है। इससे सहमे युवती के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी है। इलाके के दाउदपुर की एक युवती का विवाह अमरूपुर सुल्तानपुर निवासी अजय यादव से होना था। कन्या पक्ष को दूल्हे के विवाहित होने की खबर मिली तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। कन्या पक्ष ने दुल्हन की दूसरी जगह उसी तिथि पर शादी तय कर दी है। बारात आठ जून को ही दरवाजे पर आनी है। जिसकी जानकारी होते हुए वर पक्ष दबंगई पर उतर आया। दुल्हन के पिता की मानें तो गांव आकर धमकी देने के साथ फोन पर दुल्हन को मंडप से उठाने की धमकी दी जा रही है।
विज्ञापन

नाली के विवाद में मारपीट, चार घायल
पट्टी(ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के शेषपुर अधारगंज में नाली के पानी को लेकर सगे भाइयों के परिवार के बीच जमकर लाठी-डंडे चल गए। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव के सीताराम व राजराम सगे भाई है। सीताराम का आरोप है कि नाली के पानी को लेकर उसके भाई तथा भतीजे रंजीत व मंजीत ने उसकी पत्नी कलावती व बेटी संजना को मारपीट कर घायल कर दिया। इधर सुमन पत्नी राजाराम ने भी सीताराम व उनके बेटों पर मारपीट कर उन्हें तथा बेटे को घायल करने की तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, औराइन गांव निवासी विनय पांडेय ने रंजिश में गांव के अर्जुन व भीम पर रास्ते में रोककर मारपीट करने की तहरीर पुलिस को दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें