कार की टक्कर से महिला की मौत
बेटे के साथ दवा लेकर बाइक से लौट रही थी घर
अमर उजाला ब्यूरो
पट्टी। बाइक से बेटे के साथ दवा लेकर घर लौट रही महिला की कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे में उसका बेटा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सदहा निवासी कलावती (55) पत्नी धर्मराज यादव बेटे सूरज यादव और भतीजे यादवेश यादव के साथ दोपहर 2 बजे पट्टी मुख्यालय पर दवा लेने आई थी। लौटते समय सदहा बाजार से 500 मीटर पहले ही सामने से आ रही कार ने बाइक में बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में कलावती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटा सूरज व भतीजा यादवेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घर नजदीक होने के कारण हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन शव लेकर चले गए। शव देखकर घर की महिलाएं रोने लगीं। उधर, टक्कर मारने वाला चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस कार को कोतवाली ले आई है।
प्रधान ने कोटेदार से की अभद्रता, तहरीर
रखहा। कंधई थाना क्षेत्र के उतरास गांव में प्रधान पर परिवार के लोगों के साथ मिलकर अभद्रता और एससीएसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोटेदार ने इसकी शिकायत कंधई पुलिस से की है। गांव निवासी राधेश्याम सिंह के पास ग्राम सभा उतरास का कोटा है। राधेश्याम सिंह का आरोप है कि रविवार को वह घर पर राशन का वितरण कर रहा था। इसी बीच महिला ग्राम प्रधान प्रभावती एक अन्य महिला के साथ दुकान पर पहुंचीं और बिना नंबर के राशन और मिट्टी का तेल मांगने लगीं। साथ ही धमकी दी।
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव, कोहराम
जेठवारा। थाना क्षेत्र के कानूपुर चौराहे के पास रविवार की रात नेवाड़ी निवासी नन्हेलाल यादव की बोलेरो की टक्कर से मौत हो गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। नन्हें रविवार को बेटे संतोष की ससुराल बाघराय थाना क्षेत्र के भिटारा गांव गया था। लौटते समय हादसे का शिकार हो गया।
सेना के जवान के पिता के खिलाफ हवाई फायरिंग करने का केस
जवान ने लगाया मोबाइल छीनने और अभद्रता करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जेठवारा। जेठवारा पुलिस ने सेना के जवान के पिता के खिलाफ हवाई फायरिंग करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, छुट्टी पर आए जवान का आरोप है कि पुलिस ने उसके साथ अभद्रता करने के साथ उसका मोबाइल छीन लिया।
जेठवारा थाना क्षेत्र के श्रीकांत पुरवा अमरौना निवासी पीके तिवारी सेना का जवान है। इन दिनों उसकी तैनाती पंजाब के पटियाला में है। ड्यूटी पर फायरिंग के दौरान उसके दाहिने हाथ के ऊंगली में गोली लग गई थी। सर्जरी के बाद उसकी उंगली से गोली निकाली गई थी। सेना के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वह परिवार के साथ रविवार दोपहर बाद घर पहुंचा। पिता के बगल बैठकर बात कर रहा था। आरोप है कि इसी बीच उसके दरवाजे पर जेठवारा पुलिस पहुंच गई। फायरिंग का आरोप लगाते हुए उसके पिता दिलीप तिवारी के साथ अभद्रता करने लगी। विरोध करने पर सिपाहियों ने उसके साथ अभद्रता की। वीडियो बनाने पर उसका मोबाइल छीन लिया। मोबाइल की छीनाझपटी में उसकी चोट फिर ताजा हो गई। आरोप है कि जेठवारा एसओ ने उसकी जेब में रहे पहचान पत्र को भी छीनने का प्रयास किया। एसपी से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। उधर, जेठवारा पुलिस ने गांव के ही राज मिस्त्री राजू वर्मा पुत्र घनश्याम वर्मा की तहरीर पर पूर्व फौजी दिलीप तिवारी और उनके बेटे फौजी विपिन तिवारी व पपुलेश तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिलीप तिवारी का शांतिभंग में चालान कर दिया।