कार की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज। भाई की ससुराल जा रहे भाई-बहन को कार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। डाक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
नगर कोतवाली के पूरेभइया निवासी होमगार्ड रमेश कुमार शुक्ल अपनी बहन काजल को बाइक से भाई की ससुराल छोडने जा रहे थे। बभनमई के पास सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे दोनों घायल होकर दूर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोग उन्हें सीएचसी ले गए। डाक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गुजरात में फतनपुर के मजदूर की हत्या
व्यापारी के साथ गया था, शव घर पहुंचने पर मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
गौरा। व्यापारी के साथ आम तोडने गुजरात गए मजदूर की बगीचे में बदमाशों ने हत्या कर दी। शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।
फतनपुर थाना क्षेत्र गौरा पूरेबदल गांव निवासी सुरेंद्र कुमार बनवासी पुत्र मेवालाल एक माह पहले रामापुर के एक व्यापारी के साथ गुजरात में आम तोडने गया था। चार दिन पूर्व मजदूर सुरेंद्र बाग की रखवाली कर रहा था। रात में बगीचे में आए बदमाशों ने उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। सुबह व्यापारी पहुंचा तो शव देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को मजदूर का शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। वह व्यापारी पर हत्या कराने का आरोप लगा रहे थे।