युवती की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत
परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगा किया हंगामा
पट्टी (ब्यूरो)। कस्बे की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। परिजन सीएचसी में चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
कस्बे में जनपद जौनपुर का एक परिवार किराए का मकान लेकर रहता है। परिवार की एक 24 वर्षीय युवती की देर रात अचानक तबियत बिगड़ी तो परिजन लेकर सीएचसी गए। जहां इलाज के बाद चिकित्सक ने उसे घर भेज दिया। सुबह दोबारा परिजन लेकर अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर घरवाले चिकित्सक पर ही आरोप लगाने लगे। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। इस पर घरवाले शव लेकर जौनपुर चले गए।
मारपीट की घटनाओं में महिला समेत तीन घायल
पट्टी(ब्यूरो)। कोतवाली पट्टी के सलाहपुर गांव निवासी शिवाजी पुत्र फूलचंद्र को पड़ोसियों ने छप्पर रखने से मना करने पर कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने राममिलन,, कल्लो देवी, राजेश कुमार व लाल बहादुर के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। इधर, महरूपुर निवासी अंशू सिंह पत्नी संतोष सिंह को मामूली विवाद में पड़ोसी नन्हे व मुन्ने तथा उनकी पत्नियों ने पीटकर घायल कर दिया। उनकी तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इधर, भिवनी गांव निवासी संतोष सरोज पर उनके पड़ोसियों ने रविवार रात रंजिश में हमला कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने रमेश, रामदयाल, विजय व लक्ष्मी नारायण के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
फोटो-
कोतवाली गेट पर भिड़ीं महिलाएं, लगा मजमा
पट्टी(ब्यूरो)। कोतवाली क्षेत्र के पुरानी पट्टी गांव में 13 वर्षीय किशोर को उसके पड़ोसी ने मामूली विवाद पर दो तमाचे जड़ दिए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुनील कन्नोजिया को हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी होने पर सुनील की पत्नी व बहन कोतवाली गेट पर ही किशोर के पिता से भिड़ गईं और पति को छुड़ाने का दबाव बनाने लगी। महिलाओं की गेट पर चल रही तकरार देखकर वहां मजमा लग गया। गेट पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत कराकर वहां से हटाया।
फोटो-
कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने निकाली स्कूल चलो रैली
करैला बाजार (ब्यूरो)। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बसौली की छात्राओं ने सोमवार को स्कूल चलो रैली निकाली। रैली के समापन पर परिसर में ही बाल विवाह अपराध विषय पर नाटक का मंचन किया। छात्राओं ने रैली व नाटक के जरिए बाल विवाह को अपराध होने का संदेश शिक्षा जागरूकता के साथ दिया। इस मौके पर वार्डेन कंचनलता, प्रियंका सिंह, साधना जायसवाल, मंजू, शाहजहां, पुष्पा आदि मौजूद रहीं।