चुनावी चकल्लस ने कराया बवाल
दो पक्षों में मारपीट, छह लोग घायल, छप्पर फूंका, बाइक तोड़ी
पट्टी(ब्यूरो)। आसपुर देवसरा के कोटिया गांव के मजरे पूरे धनी में सोमवार को चुनावी चकल्लस ने बवाल करा दिया। दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद बवाल हो गया। छप्पर फूंकने के साथ ही बाइक तोड़ दी गई। मारपीट में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने नौ लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। इस मामले में एक पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
देवसरा इलाके के पूरे धनी गांव निवासी फौजदार का साला शिवलाल पुत्र सीताराम गौड़ निवासी गड़ेरियहा थाना महराजगंज जौनपुर उसके घर आया था। रविवार की शाम पांच बजे वह गांव के ही चौराहे पर अरविंद की दुकान पर चाय पीने गया था। वहां लोकसभा चुनाव को लेकर बहस होने लगी। इस दौरान शिवलाल की वहां बैठे नितेश व बच्चा तिवारी ने पिटाई कर दी। उसने घर पहुंचकर बहनोई फौजदार को घटना की जानकारी दी। इस पर फौजदार दुकान पर पहुंचा और आरोपियों से भिड़ गया। सूचना पर पहुंची डायल हंड्रेड ने दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी। फौजदार का आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर बच्चा तिवारी पक्ष के दर्जनों लोग उसके घर पर चढ़ आए और उसका छप्पर फूंकने के साथ बाइक आदि तोड़ डाली। और परिजनों को पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची देवसरा पुलिस ने एक पक्ष के नंदलाल, विश्राम, रायबहादुर, बद्री प्रसाद, जवाहर, जयराम तथा दूसरे पक्ष के अजीत, घनश्याम समेत कुल नौ लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामूली विवाद पर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों से नौ लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
होम्योपैथिक चिकित्सालय का ताला तोडक़र सामान चोरी
पट्टी (ब्यूरो)। आसपुर देवसरा स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय रूर का ताला तोडक़र रविवार रात चोर, इनवर्टर, बैट्री, लैपटॉप समेत कीमती सामान उठा ले गए। सुबह दस बजे चिकित्सालय पहुंचे चिकित्सक ने पुलिस को तहरीर दी।