फायरिंग कर भाग रहा एटीएम चोर पुलिस के हत्थे चढ़ा
जानलेवा हमले और एटीएम से रुपये उड़ाने के मामले में चल रहा था फरार, जौनपुर पुलिस को भी थी तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
शमशेरगंज/ लीलापुर। पुलिसकर्मियों पर फायर कर भाग रहा वांछित एटीएम चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। उसकी तलाश में जौनपुर पुलिस ने भी कई बार दबिश दी थी।
लीलापुर चौकी प्रभारी शुक्रवार की रात गश्त पर निकले हुए थे। आधी रात को शमशेरगंज की ओर जाते समय संदिग्ध युवक दिखाई पड़ा। जो पुलिस को देख भागा तो पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर लिया। पुलिस को पीछा करता देख संदिग्ध युवक ने पुलिसकर्मियों पर फायर कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए राकेश पाल पुत्र अर्जुन पाल ने पूछताछ में बताया कि वह एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के रुपये उड़ाता है। उसने पिछले साल सूबेदार मिश्रा पर फायर किया था। उसकी तलाश में जौनपुर पुलिस भी आ चुकी है। मौके पर पहुंचे लालगंज के प्रभारी कोतवाल ने साथियों की बाबत पूछताछ कर उसे जेल भेज दिया।
इनसेट------
वांछित को पुलिस ने दबोचा
जेठवारा पुलिस ने वांछित चल रहे आफताब निवासी सुखऊपुर को दबोच लिया। उसने अपनी पत्नी को गुजर बसर के लिए रकम नहीं दी थी। न्यायालय में मुकदमा चलने के दौरान कोर्ट ने उसे पत्नी को गुजर बसर के लिए 7 हजार रुपये देने का आदेश सुनाया था। जिसे देना उसने बंद कर दिया था। जिसके चलते पुलिस ने उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया था।