स्कूल बस की टक्कर से छात्र की मौत, भाई घायल
हादसे से गुस्साए लोगों ने बस में की तोड़फोड़, भाग निकला चालक, रानीगंज में हुआ हादसा
बाइक से भाई को लेकर जा रहा था विद्यालय, नहीं पहना था हेलमेट
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज। रानीगंज थाना क्षेत्र के रैनी सतखरिया गांव के पास स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार बारहवीं के छात्र की मौत हो गई, जबकि साथ रहा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था। घटना से गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। चालक मौका पाकर भाग निकला। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस बस को थाने ले गई। मृतक के दादा ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
रानीगंज थाना के रैनी सतखरिया गांव निवासी अभिषेक (18) पुत्र विजय कुमार शहर के जोगापुर स्थित मॉडल साइंस इंटर कालेज में 12वीं का छात्र था। उसका छोटा भाई अभिजीत (16) भी वहीं पढ़ता है। गुरुवार को वह भाई के साथ बाइक से कालेज जा रहा था। गांव के किनारे पहुंचे कि भुपियामऊ स्थित आचार्य नरेंद्रदेव स्कूल की बस पास हो रही थी। ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में बस की टक्कर लग गई। हादसे में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौका पाकर बस चालक फरार हो गया। नाराज लोगों ने बस में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। किसी ने इसकी सूचना रानीगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
इनसेट-------
स्कूल जाने के लिए पिता ने खरीदी थी बाइक
अभिेषक के पिता विजय कुमार बाहर रहते हैं। दोनों भाइयों को स्कूल जाने के लिए उन्होंने बाइक खरीदकर दी थी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही बाइक एक दिन उनके बेटे के लिए काल बन जाएगी। घटना के बाद घर में कोहराम मचा है। अभिषेक के दादा जयशंकर मिश्र ने रानीगंज पुलिस को तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल
लखनऊ-बनारस राजमार्ग स्थित किशुनगंज बाजार के समीप हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज/बीरापुर। अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा। हादसे की सूचना मिलते ही रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
रानीगंज थाना क्षेत्र के नरी गांव निवासी राहुल पाल (25) पुत्र देवराज पाल गांव के ही साथी राजू विश्वकर्मा के साथ बाइक से बादशाहपुर गया था। गुरुवार शाम साढ़े सात बजे दोनों घर लौट रहे थे। गाजी का बाग के आगे किशुनगंज बाजार स्थित बंगलाबीर बाबा मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे राहुल बाइक लेकर पलट गया। उसका साथी रोड से दूर जा गिरा। राहुल की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल राजू को अस्पताल भेजा। राहुल के परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
फोन पर मांगी पांच लाख की रंगदारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कंधई इलाके में एक युवक से फोन पर पांच लाख की रंगदारी मागे जाने का मामला प्रकाश में आया है। बदमाशों ने उसे धमकी दी है कि यदि वह समय से पैसा नहीं देता हेै तो उसे जान से मारकर शव को गायब कर दिया जाएगा। इससे पीड़ित का परिवार सहमा हुआ है। पुलिस को शिकायती पत्र देकर जानमाल सुरक्षा की गुहार लगाई है। कंधई थाना क्षेत्र के पूरे बाबू गांव निवासी वरुण कुमार पांडेय ने कंधई पुलिस को तहरीर दी है। उसका आरोप है कि 13 नवंबर को उसके छोटे भाई तरुण पांडेय के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने उससे पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी।