वर्चस्व में युवक को मारी थी गोली
आपरेशन कर बुलेट निकालने की तैयारी, चार दिन पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर हुई थी मारपीट
गोली मारने वाले आरोपी चिन्हित, पुलिस ने दी दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। चार दिन पहले वर्चस्व को लेकर हुई मारपीट का बदला लेने के लिए पल्टन में युवक को गोली मारी गई थी। हमला करने वाले आरोपियों को चिन्हित करने के बाद पुलिस दबिश पर दबिश दे रही है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।
नगर कोतवाली के पल्टन बाजार निवासी ऋषभ सोनी लल्लू सोनी को मंगलवार दोपहर बाइक सवार हमलावरों ने दौड़ाकर गोली मार दी थी। उसका उपचार प्रयागराज में चल रहा है। गोली मारने के बाद हमलावर भाग निकले थे। घटना को अंजाम देने व भागने के दौरान हमलावर सीसीटीवी में कैद हो गए। पुलिस ने फुटेज लेने के बाद गोली मारने वाले कुछ आरोपियों को चिन्हित कर लिया। उनकी तलाश में पुराना माल गोदाम रोड, पूर्वी सहोदरपुर व कादीपुर में भी पुलिस धमकी लेकिन चिन्हित आरोपी घर पर नहीं थे। हमला करने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं। एएसपी पूर्वी अवनीश मिश्र ने बताया कि वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच चार दिन पहले जमकर मारपीट हुई थी। हमला करने वाले कुछ लोगों को कमरे में बंद कर मारने की बात भी सामने आ रही है। आरोपियों को चिन्हित कर उनकी तलाश की जा रही है। घायल लल्लू सोनी की हालत में सुधार हो रहा है। जांघ में फंसी बुलेट निकालने के लिए आपरेशन की तैयारी चल रही है।
इनसेट-----
खौफ में हैं पल्टन बाजार के लोग
नगर कोतवाली के पल्टन बाजार में मंगलवार को बाइक सवार हमलावरों ने लल्लू सोनी को गोली मार दी थी। लल्लू सोनी इंस्पेक्टर अनिल कुमार के हत्यारोपी राजू उर्फ बोचा सोनी का भाई है। उसे गोली मारने की घटना के बाद मोहल्ले के लोग खौफजदा हैं।
गोली मारने की खबर पर हलाकान हुई पुलिस
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के महुआर में गोली मारने की खबर मिलने के बाद पुलिस हलाकान हुई। शहर कोतवाल समेत भारी पुलिस फोर्स घटनास्थल की ओर भागे। हालांकि ऐसी कोई घटना नहंी हुई थी। नगर कोतवाल ने बताया कि महुआर में गोली चलने की जानकारी मिली थी लेकिन भंगवा गांव में मारपीट हुई थी। पुलिस टीम मौके पर गई। आरोपी घर छोड़कर भाग निकले। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने वाले प्रबंधक पर केस
अभद्रता के साथ शहर में कमरा लेने का बना रहे थे दबाव
एसपी के आदेश पर हरकत में आई कोतवाली पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने के साथ ही आपत्तिजनक हरकत करने वाले कॉलेज प्रबंधक पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। छात्रा ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहर स्थित एक डीएलएड कॉलेज है। कालेज में पढ़ने वाली एक छात्रा का आरोप है कि प्रबंधक ने उसका मोबाइल नंबर कहीं से प्राप्त किया। इसके बाद अक्सर उसके पास फोन करने लगे। एमडीपीजी कालेज के पास बुलाया और पढ़ाई के संबंध में जरूरी बात करने के लिए बाबागंज स्थित एक होटल में ले गए। जहां बातचीत के दौरान आपत्तिजनक हरकत किए। विरोध करने पर उसके मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने लगे। शहर में किराए पर कमरा लेकर दबाव बनाते रहे। बातचीत के दौरान बोले कि कमरे में पति पत्नी की तरह रहेंगे। प्रैक्टिकल में अच्छा नंबर दिलाएंगे। जो मेरे हाथ में है। यहां तक कि उसकी मां से भी बात करते हुए शहर में छात्रा को रोकने का इंतजाम करने को कहा। प्रबंधक की हरकतों का वह विरोध करती रही लेकिन वह नहीं मान रहे थे। पीड़ित छात्रा ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी के आदेश पर बुधवार को नगर कोतवाली में कॉलेज प्रबंधक श्यामशंकर उपाध्याय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया। नगर कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन की जा रही है।
इनसेट----
जांच करने डायट से पहुंची टीम
जिलाधिकारी से कॉलेज प्रबंधक की शिकायत छात्र व छात्राओं ने करते हुए शारीरिक शोषण समेत अन्य आरोप लगाए थे। बुधवार को डायट से गठित टीम अमरेंद्र कुमार मिश्र व गर्विता ओझा ने कॉलेज पहुंचकर छानबीन किया। शिकायत करने वालों का बयान भी दर्ज किया। जांच टीम पहुंचने के बाद कॉलेज में हड़कंप मचा रहा।