दीवार गिराने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष से कुछ बाहरी लोग भी मौके पर मारपीट करने पहुंच गए। दोनेां पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो बाहरी लोगों की मोटरसाइकिल के साथ दोनेां पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लिया है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के अमिलहा गांव निवासी रामसजीवन व सुरेश कुमार के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को एक पक्ष विवादित जमीन पर निर्माण कर रहा था तो दूसरे पक्ष ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ढहा दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों से लाठी-डंडे निकल पड़े। इस दौरान जमकर दोनेां पक्षों में मारपीट हुई। आरोप है कि इसमें कुछ बाहरी लोग भी शामिल हो गए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने दो बाहरी लोगों की मोटरसाइकिल और दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक पुलिस ने चारों लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया था।