सांड़ से टकराई बाइक, लैब टेक्नीशियन की मौत
महिला अस्पताल में थी तैनाती, सीएम के कार्यक्रम के बाद जा रहा था घर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़-फैजाबाद राजमार्ग पर स्थित मकूनपुर के पास लैब टेक्नीशियन की बाइक सांड़ से टकरा गई। इससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के चंदौका गांव निवासी सत्यम सिंह (25) पुत्र स्व शिवशंकर सिंह लैब टेक्नीशियन थे। संविदा पर वह जिला महिला अस्पताल में तैनात थे। बुधवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उनकी ड्यूटी लगी थी। शाम को सीएम के जाने के बाद वह बाइक से घर जा रहे थे। प्रतापगढ़-फैजाबाद राजमार्ग पर स्थित मकूनपुर के समीप अचानक उनकी बाइक सांड़ से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। रास्ते में सत्यम ने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
सड़क हादसे में तीन लोग घायल
प्रतापगढ़। सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। नगर कोतवाली के बेल्हाघाट निवासी आबू असद (8) पुत्र मोहम्मद शरीफ रामलीला मैदान स्थित एक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। स्कूल से वह पैदल घर जा रहा था। रामलीला स्थित अंडरग्राउंड के रास्ते से घर जा रहा था। अनियंत्रित बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। उधर, पूर्वी सहोदरपुर निवासी अनवरी बेगम (46) पत्नी शमीम अपने भतीजा इमरान के साथ बाइक से भंगवा जा रही थी। हादीहाल के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इससे दोनों घायल हो गए।
परीक्षा देकर घर जा रहे छात्र को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
रखहा। बोर्ड की परीक्षा देकर घर जा रहे इंटर के छात्र की आधा दर्जन छात्रों ने पिटाई कर दी। इससे छात्र की हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी मौका पाकर भाग निकले। कंधई थाना क्षेत्र के गंगेहटी गांव निवासी हिमालय सिंह (19) इंटर का छात्र है। कालूराम इंटर कॉलेज में उसका सेंटर गया है। गुरुवार को प्रथम पाली में गणित का पेपर देकर घर जा रहा था। आधा दर्जन छात्रो ने उसे रोक लिया। लाठी और हॉकी से उसकी पिटाई शुरू कर दी।