परलोक सिधार गए व्यक्ति पर दर्ज कराई विद्युत चोरी की रिपोर्ट
कुंडा में बिजली विभाग का कारनामा
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। विद्युत विभाग के जेई ने छापेमारी के दौरान एक ‘मृत’ व्यक्ति को विद्युत चोरी करते पाया और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। कनेक्शनधारक की पत्नी मनोरोगी है। इसके चलते उसकी इकलौती बेटी परेशान रहती है। मुकदमा दर्ज होने के बाद जब पुलिस जांच करने पहुंची तो वहां कनेक्शनधारक के दो साल पहले मौत होने की बात पता चली।
विद्युत विभाग के प्रवर्तन दल ने 15 दिन पहले कोतवाली क्षेत्र के रैयापुर गांव में छापेमारी की थी। इस दौरान विभाग ने 10 लोगों को विद्युत चोरी करते हुए पाया। इस पर संग्रामगढ़ विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार सिंह ने रैयापुर गांव निवासी देशराज सिंह पुत्र राम सजीवन, संतोष कुमार पुत्र राम दुलारे, उमेश कुमार पुत्र राम दुलारे, संतोष कुमार पुत्र अमृतलाल, लल्ले पुत्र राम हरख, सुरेश कुमार पुत्र राम दुलार के खिलाफ कुंडा कोतवाली में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। इसके साथ ही अवर अभियंता बिहार व बाघराय प्रदीप कुमार मौर्य ने रैयापुर के ही राज कुमार, बृजेश कुमार सरोज पुत्र कंधई, धीरेंद्र प्रताप पुत्र सुंदरलाल व सीता देवी पत्नी रामसजीवन के खिलाफ मीटर से छेड़छाड़ करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। अब विद्युत विभाग ने यह जानने का प्रयास नहीं किया कि इसमें कोई कनेक्शनधारक यहां रहता है कि नहीं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच के लिए पुलिस रैयापुर गांव पहुंची तो पता चला कि गांव के राजकुमार सरोज पुत्र जोखू सरोज की मौत हो चुकी है। उसकी पत्नी मनोरोगी है। एक्सईएन कुंडा उमाकांत का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में कनेक्शनधारक के नाम से रिपोर्ट दर्ज कराई जाती है। वहां पर ज्यादा जांच करने का समय नहीं होता है। अगर कनेक्शनधारक की मौत हो चुकी है तो उसके परिजन इसके जिम्मेदार होंगे।