फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वर्चस्व के चक्कर में तड़तड़ाईं गोलियां

Fri, 09 Oct 2015 11:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में शुक्रवार को पहले चरण का चुनाव खूनी खेल में तब्दील हो गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के बीच गोलियां चलीं। जिसमें काबीना मंत्री शिवाकांत ओझा के करीबी पूर्व ब्लाक प्रमुख रमाकांत दुबे व उनका बेटा दिनकर उर्फ पिंटू घायल हो गए। इससे गुस्साए लोगों ने बाइक फूंकने के बाद मतदान केंद्र पर विरोधी पक्ष के प्रत्याशी के एजेंट के भाई मुश्ताक को असलहों के बट से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। आरोप है कि जीभ काटी और अंगुली तोड़ दी। इसके बाद असलहाधारियों ने दहेर कला में बने मतदान केंद्र पर कब्जा कर लिया। अपनी जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी संग मतदानकर्मी वहां से भाग निकले। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने मतदान केंद्र दहेरकला में रिपोल कराने का आदेश दिया।
विज्ञापन


मंडलायुक्त राजन शुक्ला और डीआईजी भगवान स्वरूप भी मौके पर पहुंचे। शिवगढ़ विकासखंड के दहेर कला गांव से क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद पर दुर्गेश दुबे, उमर अली, किरेंद्र प्रत्याशी हैं। शुक्रवार की सुबह इस पद के लिए प्रजापतिपुर और दहेरकला गांव के मतदान केंद्र पर 21 जिला पंचायत सदस्य और तीन क्षेत्र पंचायत सदस्य के पदों पर मतदान प्रारंभ हुआ। चूंकि इसी सीट से पूर्व प्रमुख रमाकांत दुबे का बेटा दुर्गेश दुबे भी प्रत्याशी है। इसलिए करीब सवा नौ बजे रानीगंज थाना क्षेत्र के शिवगढ़ बिंदागंज निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख रमाकांत दुबे अपने समर्थकों के साथ प्रजापतिपुर मतदान केंद्र की मतदान की जानकारी करने के लिए जाने लगे। ग्रामीणों के मुताबिक मतदान केंद्र से करीब पांच सौ मीटर दूर एक बाग में दूसरे प्रत्याशी उमर अली के आधा दर्जन समर्थक दिखाई पड़े। पूर्व प्रमुख का आरोप है कि बाग के पास घात लगाए बैठे लोगों ने फायर कर दिया।

गोली उन्हें और बेटे दिनकर दुबे को लगी। ग्रामीणों की मानें तो फायर की आवाज सुनने के बाद पूर्व प्रमुख के समर्थकों ने भी असलहों से फायरिंग करते हुए हमलावरों को दौड़ा लिया। हालांकि वे भागने में सफल हो गए। वापस लौटते समय पूर्व प्रमुख के समर्थकों ने हमलावरों की छूटी बाइक को क्षतिग्रस्त करने के बाद उसे आग के हवाले कर दिया। असलहों से लैस दो दर्जन लोगों ने प्रजापतिपुर बूथ पर धावा बोला और मतदान केंद्र पर ही प्रत्याशी उमर के भाई मुश्ताक को रायफल की बट से मारकर अधमरा कर दिया। इस दौरान उसकी जीभ काटने के साथ अंगुली भी तोड़ दी गई। सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी मतदान छोड़कर भाग निकले। इतने पर ही असलहाधारियों का तांडव बंद नहीं हुआ। वे बाइक व कार से दहेरपुर कला गांव पहुंचे।
विज्ञापन


वहां एजेंटों को धमकाकर भगाने के बाद मतदान केंद्र पर कब्जा कर लिया। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन असलहा तानने पर सब खामोश हो गए। वहां तैनात पीठासीन अधिकारी मोहम्मद कलीम, आरक्षी इंद्रदेव यादव व आरक्षी हीरामणि कुमार असलहाधारियों के धमकाने पर मतदान केंद्र छोड़कर भाग निकले। इसके बाद मतपत्रों को फाड़कर मतपेटिका में डाल दिया। पुलिस वाहनों के हूटर की आवाज सुनकर असलहाधारी भाग निकले। सूचना पर जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पीठासीन अधिकारियों व पुलिसकर्मियों से पूछताछ के बाद डीएम ने 19 दहेर कला का मतदान निरस्त करते हुए रिपोल कराने की संस्तुति करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग को सूचना भेजी। दोपहर बाद मंडलायुक्त राजन शुक्ला व डीआईजी ीभगवान स्वरूप भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें