जनपद का पश्विमी इलाका आतंकियों के निशाने पर है। नकली करेंसी मिलने के बाद इस बात की जोरशोर से चर्चा भी होने लगी है। कुंडा में कई साल पहले रामपुर सीआरपीएफ कैंप पर हुए आतंकी हमले के साजिशकर्ता को एसटीएफ ने दबोचा था। जिले का पश्चिमी इलाका मौजूदा समय में काफी चर्चा में है। घुइसरनाथधाम के करीब चाय-पान की दुकान के पास मिला नक्शा हो या संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में 51500 रुपये की नकली नोट का मामला। पहले भी नकली नोट व उपकरण बरामद हुए हैं, लेकिन उनकी बनावट ऐसी नहीं थी। जैसी सोमवार को मिले नकली नोटों की है। इन नोटों को खुफिया विभाग व आईबी के लोग आईएसआई का ही मान रहे हैं।
कई साल पहले कुंडा कस्बे से ही एटीएस की टीम ने रामपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पर हुए आतंकी हमले की साजिश रचने वाले को दबोचा था। मनगढ़ स्थित कृपालु महाराज द्वारा स्थापित मंदिर में हर दिन विदेशी सैलानियों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त नहीं हैं। केवल निजी सुरक्षाकर्मी ही पूरे परिसर की व्यवस्था संभाले रहते हैं। करीब ही बनी पुलिस चौकी केवल नाम की है। मंगलवार को इस बात की खासी चर्चा रही कि हो न हो जनपद का पश्चिमी इलाका आतंकियों के निशाने पर है। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि जनपद का कोई भी इलाका आतंकियों के निशाने पर नहीं है। पुलिस हर स्तर पर नजर रखे हुए है। बाबा घुइसरनाथधाम के पास मिला नक्शा किसी की शरारत थी। जांच में यह बात सामने आ चुकी है।