लालगंज। बोलेरो सवार बदमाशों ने हाईवे पर ट्रक लूट लिया। चालक-खलासी को मारपीट कर अमेठी जनपद में छोड़ दिया। किसी तरह कोतवाली पहुंचे चालक ने घटना बताई तो पुलिस उसे डाटने फटकारने लगी। बाद में छानबीन करने के लिए पुलिस निकली।
कन्नौज का रहने वाला तेजराम दिल्ली का ट्रक चलाता था। उसके साथ खलासी के रूप में दीपू काम करता था। गाजियाबाद में सामान उतारने के बाद रायबरेली जिले में सामान लोड करने के लिए वह निकला था। भुपियामऊ होते हुए मंगलवार की रात वह रायबरेली की ओर जा रहा था। चालक तेजराम का आरोप है कि लालगंज कोतवाली के वर्मा चौराहे के पास बोलेरो सवार आधा दर्जन बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों को मारपीट कर बोलेरो में बैठा लिया। दोनों के तमंचा सटा दिया। इसके बाद बदमाश ट्रक लेकर भाग निकले। घटनास्थल से तीन सौ मीटर पर डायल 100 पुलिस मौजूद थी लेकिन उसे भनक तक नहीं लगी। बुधवार को भोर में तेजराम व दीपू को बदमाश अमेठी में छोड़कर भाग निकले। वहां से किसी तरह दोनों लालगंज कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एसएसआई लालगंज का कहना है कि तहरीर मिली है सच्चाई खंगाली जा रही है।