सिविल लाइन पुलिस चौकी के करीब बदमाशों ने एक युवक को लूट लिया। हालांकि उसके रुपये बच गए, लेकिन कीमती सामान व कपड़ा लेकर बदमाश भाग निकले। नगर कोतवाली के दहिलामऊ निवासी रामकुमार गुड़गांव में एक कंपनी में काम करता है। वह ट्रेन से घर आ रहा था। बुधवार को वह इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरकर स्टेशन से बाहर वाहन पकड़ने के लिए आगे बढ़ा। इसी बीच बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और दहिलामऊ की ओर जाने की बात बताई।
मंजिल तक जाने के लिए रामकुमार उनकी बाइक पर बैठ गया। अंबेडकर चौराहे के करीब पहुंचते ही टप्पेबाजों ने बाइक रोक दी और पुलिस चेकिंग का बहाना कर रामकुमार को बाइक से नीचे उतार दिया। रामकुमार का बैग टप्पेबाजों ने ले लिया और पुराने कपड़े से भरा बैग थमा दिया। चौराहा पार करते ही बाइक सवार टप्पेबाज डीएम आवास की ओर भागे। रामकुमार चिल्लाता रह गया लेकिन उसकी किसी ने मदद नहीं की। बाद में वह बैग लेकर पुलिस चौकी पहुंचा। शिकायत के बाद भी वहां मौजूद पुलिसकर्मी हरकत में नहीं आए। रामकुमार की मानें तो बैग में कपड़े और कीमती सामान थे। प्रभारी कोतवाल घटना से अनभिज्ञता जता रहे हैं।