तिलौरी गांव में शनिवार को जमीन के विवाद को लेकर बवाल हो गया। जबरन कराए जा रहे निर्माण कार्य को रोकने पर बौखलाए डेढ़ दर्जन लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को जमकर मारापीटा और छप्पर फूंक दिया। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव गूंज उठा। इस दौरान घटना से नाराज होकर दूसरे पक्ष के एक वृद्ध ने आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बचा लिया। घटना के बाद गांव में भारी तनाव है। एहतियातन फोर्स तैनात की गई है।
लालगंज कोतवाली के तिलौरी गांव निवासी रियाजुद्दीन और शमीम व वसीम के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच तनाव था। विवाद सुलझाने के लिए शनिवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन इसमें कोई फैसला नहीं हो सका और बाद में पंचायत की तारीख तय की गई। इसके कुछ देर बाद ही शमीम व वसीम के साथ करीब डेढ़ दर्जन लोग लाइसेंसी रायफल, तमंचा और लाठी-डंडे लेकर विवादित जमीन पर पहुंचे और जबरन निर्माण कराने लगे। रियाजुद्दीन ने इसका विरोध किया। इस पर निर्माण कार्य करा रहे लोग भड़क गए और रियाजुद्दीन की लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचे परिजनों को भी पीटकर घायल कर दिया। दबंगों ने उसके घर के सामने बने छप्पर को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान जमकर फायरिंग की गई। जिससे ग्रामीणाें में दहशत फैल गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची तो दबंग भाग निकले।
पुलिस ने गांव पहुंचकर घायलों को सीएचसी भेजवाया। इस बीच रियाजुद्दीन ( 60) आत्मदाह करने के लिए आग में कूदने लगा। यह देख पुलिस के होश उड़ गए। पुलिसकर्मियाें ने दौड़कर उसे जलते छप्पर में कूदने से बचाया। घटना के बाद तनाव का देखते हुुए अफसरों ने मौके पर पुलिस की तैनाती की है। घटना को लेकर रियाजुद्दीन ने शमीम, वसीम, सैयाद, आजाद, अब्दुल हई, अब्दुल हकीम, कलाम, मुस्ताक, इरशाद, रिजवान, रिसाद, अल्ताफ, खलील, आफताब, माजिद, रईस को नामजद करते हुए छह अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ वीआर प्रेमी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दजे करने के लिए कोतवाल का निर्देश दिया गया है। रायफल किसके नाम है, उसकी जांच कराई जा रही है। लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी।