अंतू इलाके के रघईपुर गांव में जमीन के विवाद में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को उस समय गोली मारकर घायल कर दिया, जब वह बाजार से घर जा रहा था। घायल के घर से महज दो सौ मीटर की दूरी पर हुई घटना को देखकर गांव के लोग दौड़ पडे़। ग्रामीणों को देखकर बदमाश भाग निकले।
अंतू इलाके के रघईपुर निवासी अनसार अहमद पुत्र जगन शनिवार को अंतू बाजार से शाम करीब साढ़े पांच बजे घर लौट रहा था। घर से दो सौ मीटर की दूरी पर दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया। कंधे पर गोली लगते ही अंसार गिर पड़ा। युवक के चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़ पडे़। ग्रामीणों को आते देख बदमाश अंतू बाजार की ओर भाग निकले। ग्रामीण घायल युवक को सीएचसी संडवा चंद्रिका ले गए, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अंतू एसओ प्रभात यादव ने बताया कि पड़ोस के ही एक व्यक्ति से उसका जमीन का विवाद चला आ रहा था। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।