नगर कोतवाली क्षेत्र के पृथ्वीगंज इलाके में भाई के साथ परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ दो छात्र अश्लील हरकत करने लगे। विरोध करने पर उसके भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी युवकों को कोतवाली उठा लाई है।
पृथ्वीगंज स्थित श्वेता गर्ल्स इंटर कॉलेज में एक हाईस्कूल की छात्रा अपने भाई के साथ शनिवार को परीक्षा देने जा रही थी। स्कूल के पहले ही दो युवक उसके भाई को रोक लिए और छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगे। अश्लील कमेंट करने लगे। छात्रा के भाई ने विरोध किया तो दोनों युवकों ने मिलकर उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के बीचबचाव के बाद मामला शांत हुआ। आरोपी युवक भी परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई। परीक्षा खत्म होने के बाद दोनों आरोपी युवकों को कोतवाली उठा लाई, उनसे पूछताछ कर रही है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी।