नवाबगंज इलाके में गुरुवार आधी रात के बाद दो दोस्तों के साथ सबमर्सिबल चुराने गए अधेड़ को ग्रामीणों ने घेर लिया। उसके साथी तो किसी तरह भाग निकले, लेकिन अधेड़ की जमकर पिटाई कर दी गई। अधेड़ ने तमंचा ताना तो ग्रामीणों ने उसे भी छीन लिया। सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन वह सुबह पांच बजे पहुंची। इसके बाद घायल को कुसुआपुर सीएचसी में ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। कुंडा सीएचसी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की तहरीर थाने में दी गई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के जनवामऊ कालीदीन का पुरवा गांव निवासी रामआसरे पटेल पुत्र सबदीन ने अपने खेत में सबमर्सिबल लगा रखा है। रखवाली के लिए वह उससे कुछ दूरी पर पन्नी आदि डालकर रहता है। गुरुवार की रात में कुछ लोगों की बातचीत सुनकर वह जग गया। शक हुआ तो उनके नजदीक जाकर बात सुनी। पता चला कि बातचीत कर रहे लोग उसका सबमर्सिबल चुराने आए हैं। इस पर वह गांव की तरफ भागा और गांव के कुछ लोगों जगाकर लौटा। ग्रामीणों के साथ वह मौके पर पहुंचा तो तीनों सबमर्सिबल खोलकर निकल रहे थे। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें ललकारते हुए दौड़ा लिया। इस दौरान दो लोग भाग निकले, लेकिन एक व्यक्ति सबमर्सिबल के साथ पकड़ा गया। उसने ग्रामीणों पर तमंचा तान दिया। गुस्साए लोगों ने तमंचा छीनकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। रात ढाई बजे की घटना के बाद सुबह पांच बजे पुलिस पहुंची। घायल की पहचान जयकरन (50) पुत्र रामप्रसाद निवासी सीताराम पांडेय का पुरवा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे कुसुआपुर सीएचसी में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर देख उसे कुंडा सीएचसी ले आया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस पर पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, रामआसरे की तहरीर पर पुलिस ने मृतक व दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। सबमर्सिबल चोरी करने के दौरान पीटा गया जयकरन पूर्व में कई मुकदमों का आरोपी रहा है। उस पर कई मुकदमा दर्ज है।