नगर पालिका परिसर में शुक्रवार को भैरोपुर वार्ड की सभासद जानकी देवी को सफाईकर्मी ने साथियों संग दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान बाहरी लोगों को देख परिसर में मौजूद सभासद भी भड़क उठे और बाहरी लोगों को दूर तक दौड़ाया। कर्मचारियों के विरोध पर हमला करने वाला सफाईकर्मी भाग निकला।
शहर के भैरोपुर वार्ड की सभासद जानकी देवी का शुक्रवार की सुबह सफाईकर्मियों को लेकर प्रभारी सुपरवाइजर से विवाद हो गया था। इसकी शिकायत लेकर सभासद जानकी देवी नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी अवधेश कुमार यादव से सफाईकर्मी के अभद्रता करने की शिकायत की। तभी सफाईकर्मी आ गया। वह कार्यालय में भी सभासद से उलझ गया। ईओ ने उसे फटकार कर कार्यालय से भगाया। कुछ देर बाद सभासद उमेश कुमार, इश्तियाक, अख्तर राईन, पूर्व सभासद अनुराग खंडेलवाल पहुंचे। ईओ से प्रकरण को लेकर सभासदों की बातचीत चल रही थी। तभी सफाईकर्मी सालिकराम फिर कार्यालय में घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पूछताछ के दौरान सफाईकर्मी और सभासद के बीच हाथापाई होने लगी। यह देख अन्य सभासदों ने बीचबचाव किया। जैसे ही सभासद बाहर निकलीं कि सफाईकर्मी उनसे भिड़ गया। तभी सफाईकर्मी के कई बाहरी साथी चेहरा बांधकर वहां पहुंच गए। सभी सभासद पर हमलावर हो गए। यह देख परिसर में मौजूद सभासद बाहरी हमलावरों को दौड़ा लिए। इस दौरान सफाईकर्मी ने महिला सभासद को पीटने के बाद धक्का देकर गिरा दिया। यह देख परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। बाहरी लोगों को सभासदों व कर्मचारियों ने गेट के बाहर भगाया। जमीन पर गिरी सभासद को उठाकर बेंच पर लेटाया गया। इस मामले में देर शाम तक दोनों पक्षों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी। नगर कोतवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी, लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दी है।