नगर कोतवाली के सकरनी पुल के पास कार सवार बदमाशों ने सब्जी विक्रेता को तमंचा सटाकर उसे बंधक बना लिया। पिटाई कर जेब में रही नकदी लूट ली। उसे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
नगर कोतवाली के भुवालपुर डोमीपुर गांव निवासी रामनिहोर पाल सब्जी व्यापारी है।
रविवार को वह सब्जी खरीदने के लिए भुपियामऊ मंडी जा रहा था। सकरनी पुल के पास कार सवार तीन बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। रुकते ही उसे तमंचा सटाकर जबरन अपनी कार में बैठा लिया। आंख में पट्टी और दोनों हाथ बांधने के बाद उसकी पिटाई की और जेब में रहे तीन हजार रुपये लूट लिए। बाद में उसे सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। राहगीरों ने देखा तो उसका हाथ और आंख से पट्टी खोली। पीड़ित ने घटना की शिकायत मोहनगंज पुलिस से की है। परिजन उसका इलाज स्थानीय डॉक्टर से करवा रहे हैं। बीते माह मोहनगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष शीतला प्रसाद को भी कार सवार बदमाशों ने सकरनी पुल के पास लूट लिया था।