सूबे के पूर्व मंत्री के बेटे के ब्लाक में एक प्रधान ने ग्राम विकास अधिकारी की पिटाई कर दी। जिससे ब्लाक के अधिकारियों व कर्मियों में हड़कंप मच गया। लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। ग्राम विकास अधिकारी की शिकायत पर आरोपी प्रधान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना शुक्रवार को गौरा ब्लाक परिसर का है।
बता दें कि ग्राम विकास अधिकारी ब्लाक गौरा के अध्यक्ष संतोष कुमार पासवान का आरोप है कि गौरा विकास खंड क्षेत्र के कलीमुरादपुर के प्रधान रंजीत कुमार उर्फ देवीलाल शुक्रवार को ब्लाक पहुंचकर उससे जबरन दबाव बनाकर चकमार्ग निर्माण के लिए 1 लाख रुपये का चेक काटने की बात कहने लगे। ग्राम विकास अधिकारी ने कहा कि निर्माण में बिना जेई के रिपोर्ट के चेक जारी नहीं करेंगे। जेई सोमवार को रिपोर्ट लगा देंगे तो चेक काट दिया जाएगा।
ये बात ग्राम प्रधान को नागवर लगी और ब्लाक सभागार में ही ग्राम विकास अधिकारी की पिटाई करने लगे। घटना को देख मौजूद लोग हस्तप्रभ रह गए। लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। ग्राम विकास अधिकारी ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए ग्राम प्रधान पर एससी एसटी एक्ट व सरकारी कामकाज में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया है।