बाबूगंज बाजार में कपड़े की दुकान में सेंध लगाकर चोरों ने लाखों के कपड़े चुरा ले गए। जेवरात व नकदी भी पार कर दिया। बुधवार की सुबह दुकानदार को चोरी की जानकारी हो सकी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज निवासी शिव बहादुर रजक ने कपड़े की दुकान खोल रखी है। अंतू अमेठी मार्ग से महज दो सौ कदम दूर कपड़े की दुकान में चोरों ने मंगलवार की रात दुकान में सेंध लगा दिया। सवा लाख के कपड़े , सात हजार नकद और काउंटर में पत्नी के पहनने वाले जेवरात चोर लेकर चंपत हो गए। इस बात की जानकारी बुधवार की सुबह शिव बहादुर को हो सकी। वह दुकान की शटर उठाया तो दंग रह गया। दुकान का सारा सामान गायब था। चोरी की खबर लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन करने लगी। बतादें कि तीन माह पहले शिव बहादुर के बगल की दुकान में चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिसका आज तक खुलासा नहीं हो सका।