जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने योगी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से गुंडा टैक्स वसूलनेे वाले अपराधी अब जेल की सलाखों के पीछे हैं। वह केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को नॉन स्टाफ गिनाया और पत्रकारों के सवालों का जवाब दिए बगैर उठ कर चले गए।
मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विकास भवन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि 19 सितंबर को योगी सरकार के कार्यकाल का ढाई साल पूरा हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि सूबे में भाजपा की सरकार आते ही केंद्र की योजनाओं को पंख लग गए हैं। जिले में 60,208 प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण का निर्माण, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 4858 आवासों का निर्माण, शहरी पीएम आवास के तहत 14045 आवासों का निर्माण, ग्रामीण इलाकों में 4,89,095 शौचालय, शहरी इलाकों में 10,920 शौचालय, कायाकल्प योजना के तहत 1014 स्कूलों का सौन्दर्यीकरण, 375 पंचायत भवन, 285 आंगनबाड़ी केंद्र, 807 उपकेंद्रों की सूरत बदलने का दावा किया है।
प्रभारी मंत्री ने नॉन स्टाप केंद्र और राज्य की योजनाओं को गिनाया और जब पत्रकारों ने सवाल करना शुरू किया, तो वह कुर्सी से उठे और चलते बने। पत्रकार सवालों को लेकर चिल्लाते रह गए, मगर उन्होंने अनसुनी करके सीडीओ के कार्यालय में नाश्ता करने चले गए।
प्रभारी मंत्री की फिसली जुबान, शौचालय को बता दिया आवास
प्रभारी मंत्री मंगलवार को विकास योजनाओं को गिना रहे थे। वह बोले पड़े प्रदेश में 50 लाख पीएम आवास का निर्माण कराया गया है, मगर गलती को सुधारते हुए कहा कि 15 लाख आवास और 50 लाख शौचालय बनाएं गए हैं।