1.40 करोड़ की लागत से इटवा में बनेगा गौशाला
चिंहित की जा चुकी है जमीन, जल्द शुरू होगा निर्माण
किसानों को आवारा पशुओं से मिलेगी निजात
अमर उजाला ब्यूरो
शिवगढ़। पट्टी क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। किसानों को जल्द ही आवारा पशुओं की समस्या से निजात मिलेगी। आवारा पशुओं के संरक्षण के लिए पट्टी के इटवा में गौशाला खुलेगा। गौशाला निर्माण के लिए 1.40 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है।
जिले में आवारा पशुओं का आंतक है। आवारा पशुओं से किसानों की फसलों का व्यापक नुकसान हो रहा है। इससे पट्टी तहसील क्षेत्र भी अछूता नहीं है। फसलों को पशुओं से बचाने के लिए किसान तरह- तरह की तरकीब लगाते रहते हैं, मगर आवारा पशुओं के झुंड के आगे उनकी एक नहीं चल पाती। पट्टीक्षेत्र के किसानों को राहत मिलेगी। आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए शासन की ओर से वृहद गौशाला केंद्र की स्वीकृत मिली है। इसके लिए शासन द्वारा 1.40 करोड़ रूपए का बजट स्वीकृत किया गया है। गौशाला का निर्माण इटवा गांव में होगा। इस बारे में उपजिलाधिकारी पट्टी डीपी सिंह ने बताया कि शासन से वृृहद गौशाला खोलने की स्वीकृति मिलने के बाद वहां जमीन की पैमाइश करा दी गई है। जल्द ही वहां पर निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।