कोरोना से संक्रमित हाटस्पॉट वाले इलाकों में रहने वाले करीब 38066 लोगों के स्वास्थ्य की जांच होगी। सभी चिह्नित मकानों का सैनिटाइजेशन किया जाएगा। लॉकडाउन का पालन न करने पर अब तक 105 एफआईआर दर्ज हो चुकी है जबकि 360 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई है। अभी तक जिले में छह लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं।
जिलाधिकारी डा. रुपेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में पांच स्थान हाटस्पॉट घोषित किए गए हैं। जिसमें शहर के जामा मस्जिद, जिला अस्पताल बेगमवार्ड, रानीगंज के नरसिंहगढ़ व खमपुर दूबेपट्टी, मानधाता के तवकलपुर, भिखनापुर व देल्हूपुर और जेठवारा का डेरवा व सबलगढ़ शामिल हैं।
यहां रहने वाले करीब 38066 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हो रही है। डोर टू डोर राशन व दूध पहुंचाने वाले लोग काम कर रहे हैं। अब तक कुल 1379 नए राशनकार्ड बनाए गए हैं। जिसमें से 1086 लोगों को राशन दिया जा चुका है।
6 सरकारी सामुदायिक किचन से 385 लोगों को खाना दिया जा रहा है। वहीं तीन स्वैच्छिक संस्थाओं द्वारा 215 लोगों को प्रतिदिन खाना खिलाया जा रहा है। इन इलाकों में 72 बैरियर बनाए गए हैं।
लोगों को कोरोना से बचाने के लिए 11 वाहनों से प्रचार भी किया जा रहा है। जामा मस्जिद हाटस्पॉट वाले इलाके में करीब 26 हजार लोगों का सर्वे दो चरणों में हो चुका है। मोहल्ले को सैनिटाइज किया जा चुका है।
सबलगढ़, डेरवा, नरसिंहगढ़ समेत अन्य इलाकों में सैनिटाइजेशन का काम चल रहा है। लॉकडॉउन के उल्लंघन में अब तक 105 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और 360 वाहनों को सीज किया जा चुका है।