कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद शहर के संक्रमित मोहल्लों की सुरक्षा में लगे 17 पुलिसकर्मी गायब मिले। जिसके खिलाफ कोतवाली में रपट लिखाई गई है। पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी के कारण बाइक व कार लेकर लोग फर्राटा भरते रहे। सभी की रिपोर्ट अफसरों को भेजने की तैयारी में हैं।
जिले में तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन ने ऐसे इलाकों को संक्रमित मानते हुए आंशिक कर्फ्यू लगा दिया है। स्टेशन रोड से लेकर सदर बाजार तिराहे के करीब तक सभी मोहल्लों को सील कर दिया गया है। गली मोहल्लों में लगी बैरिकेडिंग पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
जो न तो किसी को अंदर जाने देते थे और न ही बाहर निकलने दे रहे थे। शनिवार को प्रशासन ने शहर से लेकर देल्हूपुर व नरसिंहगढ़ को सील कर दिया था। सोमवार की सुबह सीओ सिटी अभय पांडेय आंशिक कर्फ्यू की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर कोतवाल के साथ पैदल निकले।
देखा तो पुराना माल गोदाम रोड, तहसील के करीब, जीजीआईसी, बाबागंज पेट्रोल पंप के अलावा श्रीराम तिराहे से फोर्स गायब मिली। बड़ी संख्या में लोग मोहल्लों से बाहर निकल रहे थे। बाहरी लोगों का आवागमन भी हो रहा था। यह देख पुलिसकर्मियों की तलाश होने लगी। 17 पुलिसकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले।
जिनके खिलाफ नगर कोतवाली में रपट लिखाने का निर्देश देते हुए सीओ सिटी ने कहा कि प्वाइंटों से गायब पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट तैयार कर भेजी जाए। ताकि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके।
सामाजिक दूरी दरकिनार, हाईवे पर घूमती रहीं महिला आरक्षी
कोरोना महामारी को देखते हुए लॉकडाउन के साथ ही संक्रमित इलाकों में आंशिक कर्फ्यू लगा दिया गया है। सभी को सामाजिक दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया जा रहा है।
इसका पालन कराने वाली महिला आरक्षी रविवार की रात चौक इलाके में एक साथ घूमती नजर आईं। करीब 15 महिला आरक्षी ईयर फोन कान में लगाकर एक दूसरे का हाथ पकड़कर घूमती नजर आईं। यह देख चौक घंटाघर पर मौजूद नगर कोतवाल ने सभी को फटकार लगाया।
ड्यूटी से अधिक मोबाइल पर होती है गतिविधि
आंशिक कर्फ्यू वाले इलाके में लगी बैरिकेडिंग पर ड्यूटी करने वाली महिला आरक्षी अपनी जिम्मेदारी का पालन ठीक से नहीं कर रही है। इस बात की शिकायत चौकी प्रभारी से लेकर नगर कोतवाल तक अफसरों से कर चुके हैं। महिला आरक्षी आसपास के लोगों से कुर्सी लेकर मोबाइल पर व्यस्त रहकर समय काटती रहती हैं।
217 वाहनों का चालान, 4 सीज
लॉकडाउन के दौरान बाइक व कार लेकर निकलने वाले लोगों पर सोमवार को पुलिस ने शिकंजा कसा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के आदेश पर शहर के सभी चौकी प्रभारियों ने 30 बाइकों का चालान किया। चार बाइकों को सीज कर दिया। अन्य थानों की पुलिस ने 193 बाइकों का चालान किया। इससे हड़कंप मचा रहा।