सांसद संगमलाल गुप्ता ने कहा है कि कोरोना से जंग तभी जीती जा सकती है, जब लोग नियमों का पालन करेंगे। कोरोना से बचाव के लिए दो गज की दूरी और मॉस्क का प्रयोग जरूरी है। सांसद ने डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का आह्वान किया कि वह कोरोना से लड़ाई में पूरे उत्साह से जुटे रहें। उन्होंने कहा कि जिले की आबादी 38 लाख के करीब है और अभी तक मात्र 132 लोग ही संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से संक्रमण रोकने में सफलता मिली है।
शनिवार को जिला अस्पताल में विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित जनसंख्या नियंत्रण और संचारी रोग अभियान पखवाड़े का शुभारंभ सांसद संगमलाल गुप्ता और मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त ने कहा कि जनसंख्या को नियंत्रित करके देश को एक समृद्धशाली बना सकते हैं। उन्होंने बरसात के दिनों में जल जनित बीमारियों के निदान के लिए साफ-सफाई अभियान व मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार से बचाव के लिए साफ-सफाई का मंत्र दिया। डीएम डा. रुपेश कुमार ने कहा कि घर से बाहर निकलते समय फेस कवर का प्रयोग करने और भीड़ वाले स्थान पर दो गज की दूरी बनाकर रहने से कोरोना से जंग जीती जा सकती है।
यह बीमारी संक्रमण से फैलती है, इसलिए जब लोग एक-दूसरे के संपर्क में नहीं आएंगे तो बीमारी फैलने का खतरा कम रहेगा। इसके पूर्व सांसद और मंडलायुक्त ने फीता काटकर जनसंख्या नियंत्रण और संचारी रोग पखवाड़े का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिले के नोडल अफसर दिग्विजय सिंह, सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव, सीएमएस डा. पीपी पांडेय, डा. रीना प्रसाद प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ीं धज्जियां
जिला महिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त और सांसद के साथ ही जिले के अफसर मौजूद रहे। मंच से सभी अफसर सोशल डिस्टेंसिंग और मॉस्क लगाने पर जोर देते रहे। मगर स्वयं इसका पालन नहीं कर रहे थे। सांसद और मंडलायुक्त जब फीता काटने पहुंचे तो अफसरों के साथ ही पूरा स्वास्थ्य महकमा उमड़ पड़ा। मंडलायुक्त ने फीता काटते समय अपना मॉस्क भी हटा दिया था।
14 दिन के लिए सील हुआ मानापुर
आसपुर देवसरा इलाके के मानापुर (डंगरा का पुरवा) गांव में शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मिलने पर डीएम डा. रुपेश कुमार ने गांव को 14 दिन के लिए सील कर दिया है। डीएम ने बंदी को पूरी तरह सफल बनाने के लिए श्याम शंकर इंटर कालेज के प्रवक्ता देवआसरे तिवारी और आशुतोष उपाध्याय को मजिस्ट्रेट के रूप में नामित किया है।