सीएचसी में प्रसव के लिए भर्ती होने वाली प्रसूताओं के लिए अब कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अब स्वास्थ्य महकमा विशेष सतर्कता बरत रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए भर्ती होने वाली प्रसूताओं को अब पहले कोरोना टेस्ट कराना होगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही उन्हें भर्ती किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इलाके में महामारी के बढ़ते प्रकोप के चलते यह फैसला लिया है।
प्रत्येक सीएचसी पर कोरोना टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। सुबह दस से दोपहर दो बजे तक इसकी टेस्टिंग लगातार की जा रही है। रिपोर्ट की जानकारी संबंधित लोगों को दिए जाने के साथ ही इससे बचने के उपाय भी बताए जा रहे हैं। महामारी के बढ़ते प्रकोप के बावजूद लोगों द्वारा लापरवाही बरते जाने से हर तरफ दहशत का माहौल है। ऐसे में अब सीएचसी में प्रसूताओं के साथ गंभीर रोगों में भी भर्ती होने वाले मरीजों को पहले कोरोना टेस्ट कराना होगा। तभी उन्हें सीएससी में इलाज के लिए भर्ती किया जाएगा। सीएचसी अधीक्षक डॉ महेंद्र कुमार ने बताया कि महामारी के बढ़ते प्रकोप के चलते एहतियात के तौर पर यह कदम उठाए गए हैं।
पचास हजार के इनामी गैंगस्टर समेत दो को पुलिस ने भेजा जेल
कोतवाली पुलिस ने पचास हजार के इनामी बदमाश को तमंचे के साथ दबोचने में कामयाबी पाई है। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महरूपुर गांव के समीप 2017 से फरार चल रहे हरिजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय मेहर सिंह निवासी तकीपुर जनपद मोहाली पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। वह 2017 में अवैध शराब से भरे ट्रक को तस्करी कर ले जा रहा था। जिसे एसटीएफ ने दबोचने में कामयाबी पाई थी। इस मामले में कोतवाली में अवैध शराब की तस्करी तथा उसकी बरामदगी से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी ट्रक हरिजीत फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर पचास हजार का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की गई थी। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। इधर, पृथ्वीगंज चौकी इंचार्ज रने कलिनापुर नहर पुलिया पर बीबीपुर बारडीह निवासी मनोज मिश्रा पुत्र विनोद कुमार मिश्रा को संदिग्ध पाकर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
नाले में मिला महिला का शव
कोतवाली क्षेत्र के सपहा छात गांव के नाले में ग्रामीणों को एक अधेड़ महिला का शव देखा। शव तीन-चार दिन पुराना था। शव का ज्यादा हिस्सा पानी में रहने से सड़ गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।