स्थानीय सीएचसी में प्रसव के कुछ देर बाद नवजात ने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। नाराज घरवाले सीएचसी अधीक्षक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। पीड़ित ने अधीक्षक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मौहरिया भावलपुर निवासी राहुल दुबे पुत्र दयाशंकर दुबे ने अंतू पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी महिमा देवी गर्भवती थी। गुरुवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडवाचंद्रिका में भर्ती कराया गया। रात करीब 11:00 बजे उसने बच्चे को जन्म दिया।
इसके थोड़ी देर बाद ही बच्चे की हालत खराब हो गई। अस्पताल में एएनएम को छोड़ कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। राहुल का आरोप है कि कई बार बुलाने पर भी डॉक्टर बच्चे को देखने नहीं आए। वह लोग डॉक्टर और फार्मासिस्ट को बुलाने के लिए उनके आवास तक गए, मगर न तो डॉक्टर देखने आए और न ही फार्मासिस्ट। अधीक्षक ने परिजनों के साथ अभद्रता की। इसके बाद बच्चे की मौत हो गई। इससे नाराज परिजन रात में ही हंगामा करने लगे। सूचना पर एसओ मनोज तिवारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर घर भेजा। मामले में राहुल ने अधीक्षक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।