कोरोना की दूसरी लहर बेल्हा में कहर लगातार लोगों को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। दिनोंदिन संक्रमण के शिकार लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को 24 घंटे के भीतर जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू के डॉक्टर, हेल्थ वर्कर, रानीगंज पचरास प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक व एएनएम समेत 87 मरीज संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को होम आइसोलेट करा दिया है।
कोरोना की दूसरी लहर कहर लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बीते पांच दिनों के भीतर कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है। कोरोना की जद में जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आरके पांडेय, रानीगंज की एएनएम, पचरास प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, मुआर आधारगंज के दो युवक, देवगढ़ कमासिन के तीन युवक संक्रमित मिले हैं।
गौरा में एक लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। कोरोना के चलते मुंबई में लाकडाउन व पंचायत चुनाव में शामिल होने के लिए उद्योग नगरी एक्सप्रेस से गांव लौटने वाले तीन परदेशी भी जांच में संक्रमित निकले।
रोडवेज बस स्टैंड में जांच के दौरान मुंबई से लौटने वाले तीन लोग संक्रमित मिले। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना के केस को देखते हुए सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया। सभी को मास्क लगाने के साथ ही लोगों से दो गज की दूरी का सुझाव भी दिया जा रहा है।
स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन मिश्र ने बताया कि शुक्रवार की रात मुंबई से आई उद्योग नगरी एक्सप्रेस के 42 यात्रियों की कोरोना जांच की गई। इनमें तीन संक्रमित मिले। स्टेशन के पास की एक वृद्धा भी संक्रमित मिली।
शनिवार को पद्मावत एक्सप्रेस के 33, भोपाल एक्सप्रेस के 17, नीलांचल एक्सप्रेस के 14, जनता एक्सप्रेस के 10 और अर्चना एक्सप्रेस के 7 यात्रियों की जांच की गई। हालांकि इनमें कोई संक्रमित नहीं मिला।
उपचार के दौरान संक्रमित बुजुर्ग ने दम तोड़ा
कोरोना संक्रमण से जूझ रहे बुजुर्ग ने उपचार के दौरान प्रयागराज में दम तोड़ दिया। नगर कोतवाली के बाबागंज निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग की कुछ दिनों पहले तबियत खराब हुई थी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां जांच के दौरान वह कोरोना संक्रमित निकला। उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 79 पहुंच गई है।
24 घंटे के लिए महिला अस्पताल सील
कोरोना के दूसरी लहर में जिला महिला अस्पताल के दो डॉक्टर और दो हेल्थ वर्कर कोरोना के जद में आ चुके हैं। शनिवार को एक डॉक्टर और एक हेल्थवर्कर के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद महिला सीएमएस ने इमरजेंसी को छोड़ अस्पताल को 24 घंटे के लिए बंद करा दिया है। सीएमएस रीना प्रसाद ने बताया कि सोमवार को सैनिटाइजेशन कराने के बाद ओटी और ओपीडी सेवा बहाल की जाएगी। इमरजेंसी में गंभीर मरीजों को ही भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को यदि बहुत दिक्कतें हो तभी वे अस्पताल आए। अन्यथा नजदीकी सीएचसी और पीएचसी में अपना इलाज करवा लें।
संक्रमित डॉक्टर बोले टीका ही बचा रही जान
महिला अस्पताल के डॉक्टर आरके पांडेय ने कहा कि वे कोरोना से संक्रमित जरूर हुए हैं। मगर उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। समय रहते उन्होंने वैक्सीन के दोनों डोज ले लिए थे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना का टीका जरूर लगवा लें।
30 वाहनों का चालान, तीन हजार जुर्माना वसूला
कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन सवारों के खिलाफ शनिवार को पुलिस ने भी अभियान चलाया। बिना मास्क लगाए बाइक से फर्राटा भरने वाले 30 लोगों के वाहनों का चालान हआ। इस दौरान पुलिस ने तीन हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। नगर कोतवाल ने बताया कि लोगों को कोविड से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
कोरोना संक्रमित लोनिवि के चालक की लगा दी पंचायत चुनाव में ड्यूटी
प्रतापगढ़। राजकीय परिवाहन चालक संघ लोक निर्माण विभाग में चालक के पद पर तैनात त्रिभुवन मिश्र कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वे जिला महिला अस्पताल के एलटू में भर्ती हैं। इसके बावजूद उनकी पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई है। राजकीय परिवाहन चालक संघ के अध्यक्ष राधेश्याम सिंह ने डीएम को पत्र भेजकर संक्रमित चालक की ड्यूटी निरस्त करने की मांग की है।