जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब कोरोना फतनपुर थाने और जिला अस्पताल तक पहुंच गया है। मंगलवार को फतनपुर थाने में तैनात एक सिपाही की रिपोर्ट पाजिटिव आई। जबकि जिला अस्पताल की पैथालाजी में तैनात एलटी व उसकी मां भी संक्रमित हो गई हैं।
इसके अलावा जिले के दो और लोग भी संक्रमित मिले हैं। अब जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या 151 पहुंच गई है। लगातार मरीज मिलने से हड़कंप मचा है। बुधवार को जिला अस्पताल को सैनिटाइज करने के लिए बंद कर दिया गया है। केवल इमरजेंसी में मरीज देखे जाएंगे।
कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। अब हर दिन कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी कोरोना का संक्रमण रुक नहीं रहा है।
फतनपुर थाने में तैनात आरक्षी 11 जुलाई को कनेवरा सीमा पर चेकिंग ड्यूटी में लगा था। 12 जुलाई को उसकी तबियत खराब हो गई। उसे सीएचसी गौरा ले जाया गया। वहां उसका कोरोना सैंपल लिया गया। सोमवार को उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। उसे उपचार के लिए लालगंज कोडिव एलवन अस्पताल भेजा गया।
सीओ रानीगंज अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि चेकिंग के दौरान सिपाही के संक्रमित होने की आशंका है। वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल की पैथालाजी में तैनात एलटी नगर कोतवाली के बराछा का रहने वाला है। वह और उसकी मां की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। मां-बेटे को भी लालगंज कोविड अस्पताल ले जाया गया। एलटी के संक्रमित होने से अस्पताल में हड़कंप मचा रहा। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. पीपी पांडेय ने बताया कि अस्पताल को सैनिटाइज कराने के लिए 15 जुलाई को बंद रखा जाएगा। केवल इमरजेंसी मरीज ही अस्पताल में देखे जाएंगे। इसके अलावा ओपीडी व मरीजों के आपरेेशन का काम बंद रहेगा। एक अन्य मरीज लखनऊ में सेना के कैंप में भर्ती है। बीएचयू वाराणसी में भर्ती मरीज की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है।
खौफ में पुलिसकर्मी, फतनपुर थाना भी होगा सैनिटाइज
साथी पुलिसकर्मी के कोरोना संक्रमित होने के बाद सिपाही खौफजदा हैं। फतनपुर थाने में तैनात पुलिसकर्मी उसके संक्रमित होने होने के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। उसकी ड्यूटी बार्डर पर चेकिंग में लगाई जा रही थी। सीओ रानीगंज डा. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि थाने के पुलिसकर्मियों की जांच कराने के साथ पूरे परिसर को सैनिटाइज कराया जाएगा।
सदर विधायक समेत कोरोना संक्रमित के करीबियों का लिया सैंपल
भाजपा नेता के कोरोना संक्रमित होने के बाद मंगलवार को सदर विधायक राजकुमार पाल ने भी कोरोना की जांच कराई। उनके कैंप कार्यालय पर 43 लोगों का सैंपल लिया गया। इसके अलावा पंजाबी मार्केट में 30 व निर्मल तिराहे पर 13 लोगों का सैंपल लिया गया। भाजपा नेता के कई करीब जिला अस्पताल में भी अपनी जांच कराने पहुंचे।
भाग निकला कोरोना संदिग्ध
शहर के सदर बाजार के रहने वाले एक कोरोना संदिग्ध को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। सोमवार की रात वह वार्ड से भाग निकला। सूचना मिलने पर भुलियापुर पुलिस चौकी प्रभारी ने तेलिया चौराहे पर उसे रोक लिया। पूछताछ में उसने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों के रवैए से त्रस्त होकर वह अपने घर जा रहा था। फिलहाल पुलिस की निगरानी में उसे फिर अस्पताल लाया गया।
मेडिकल कालेज निर्माण के लिए तोड़ा जा रहा पुराना भवन
कोरोना को देखते हुए मार्च माह में मेडिकल कालेज के निर्माण के जिला व महिला अस्पताल के पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण का काम बंद हो गया था। अब फिर से पुराने भवनों को तोड़ने का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में मजदूरों को लगाकर भवनों को गिराया जाता रहा।