तस्करी के लिए ले जाए जा रहे मवेशियों से भरा कंटेनर पुलिस ने पकड़ लिया। कंटेनर के भीतर से पुलिस ने 20 मवेशी बरामद कर चालक समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लालगंज के प्रभारी निरीक्षक संजय यादव मंगलवार की शाम मुखबिर की सूचना पर हदराही के पास पहुंचकर पशु तस्करी करने वाले को दबोचने के लिए घेराबंदी की। हदराही सई नदी पर बने गंगापुत्री घाट की तरफ से पुलिस को एक कंटेनर आता दिखा।
पुलिस के रोकने से पहले ही चालक समेत चार पशु तस्कर कंटेनर खड़ा कर नदी की ओर जंगल में भाग निकले। पुलिस ने चारों तरफ से बंद कंटेनर का दरवाजा खोला तो उसमें 20 मवेशी भरे हुए मिले। एक मवेशी की दम घुटने से मौत हो गई थी। तस्करी के लिए ले जाए जा रहे मवेशियों को देखरेख के लिए ग्रामीणों की सुपुर्दगी में देते हुए पुलिस कंटेनर को लेकर कोतवाली आ गई। यहां देर रात लीलापुर चौकी प्रभारी बीडी राय ने कंटेनर चालक व तीन आरोपियों के खिलाफ गोवंश निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया। मौके से बरामद ट्रक का डिटेल खंगाला जा रहा है।