प्रतापगढ़ स्टेशन पर एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। दोपहर के वक्त यार्ड से मेन लाइन में लाते समय डायमंड क्रॉसिंग पर दो पटरियों के बीच गैप देख घबराए रेलकर्मचारी मालगाड़ी को वहीं पर छोड़कर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंचे परिचालन और सिग्नल के अधिकारियों ने करीब आधे घंटे बाद गैप को ठीक कराकर मालगाड़ी को चलवाया।
शुक्रवार को दोपहर के समय यार्ड में सात नंबर लाइन में खड़ी लोड मालगाड़ी को मेन लाइन दो से निकालना था। सिग्नल वगैरह की सारी औपचारिकता पूरी होने के बाद कर्मचारी यार्ड से धीरे-धीरे मालगाड़ी लेकर बढ़ रहे थे। इस दौरान शंटर की निगाह डायमंड क्रॉसिंग के प्वांइट नंबर 34 पर पड़ी। जहां टंग और मेन रेल के बीच गैप था। उसने फौरन मालगाड़ी को रोकने के लिए कहा। मैसेज मिलने के बाद शंटर ने मालगाड़ी रोक दी। उसके बाद कर्मचारी भागते हुए स्टेशन मास्टर कार्यालय पहुंचे और घटना के बारे में एसएम को अवगत कराया।
दुर्घटना की आशंका से घबराए एसएम और सिग्नल के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी ने देखा कि पटरियों के बीच गैप है। कर्मचारियों को लगाकर किसी तरह से उस गैप को दुरुस्त किया गया। बाद मेें किसी तरह मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया। एसएम ने बताया कि दो पटरियों के बीच गैप था। बाद में उसको दुरुस्त करवा दिया गया। मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया।