प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में अम्बेडकर चौराहे पर जाम लगाये कांग्रसियों को समझाते एएस
- फोटो : PRATAPGARH
प्रियंका को सोनभद्र जाने से रोकने पर भड़के कांग्रेसी
अंबेडकर चौराहे पर प्रदर्शन कर दी गिरफ्तारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को मिर्जापुर में सोनभद्र जाने से रोकने पर कांग्रेसियों में उबाल आ गया। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौराहे पर प्रदर्शन कर मानव श्रृंखला बनाई। लगभग बीस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी।
सोनभद्र में हुए नरसंहार के पीड़ितों का आंसू पोछने जा रहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को मिर्जापुर में पुलिस ने रोक लिया। यह खबर मिलते ही कांग्रेसी आक्रोशित होकर धरना-प्रदर्शन करने लगे। उनका आरोप था कि योगी सरकार प्रियंका गांधी को सोनभद्र जाने से रोककर अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेसियों का कहना था कि प्रियंका गांधी पीड़ितों से मिलने जा रही थीं न की वह कोई सभा करने जा रही थीं। आक्रोशित कांग्रेसियों का प्रदर्शन देखकर शहर कोतवाल फोर्स के साथ पहुंच गए। कांग्रेसियों ने मानव श्रृंखला बनाकर पहले आवागमन ठप करने का प्रयास किया। बाद में एएसपी पूर्वी की मौजूदगी में गिरफ्तारी दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नरसिंह प्रकाश मिश्र, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नीरज त्रिपाठी, वीके सिंह, यमुना प्रसाद पांडेय, रामलौट यादव, सूर्य प्रकाश शुक्ल, करुणा शंकर मिश्र, संतोष त्रिपाठी, रजवंत सिंह, सुधीर तिवारी, प्रमोद मिश्र प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में अम्बेडकर चौराहे पर जाम लगा कर धरने पर बैठे कांग्रेस कार?- फोटो : PRATAPGARH