जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने सोमवार को विकास भवन सभागार में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। 25 अक्तूबर, 30 अक्तूबर और 01 नवंबर को होने वाली पीईटी में अभ्यर्थियों की सघन तलाशी करने की बात कही। धार्मिक वस्तुओं जैसे कलावा आदि को न उतरवाया के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल और बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी अपना परिचय पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें।
डीएम के मुताबिक, जनपद में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 52,272 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 8,712 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा।