महिला को सरेआम थप्पड़ मारने का मामला कंधई थाना प्रभारी के गले की फांस बन गया है। वीडियो वायरल होने के साथ मामले की शिकायत मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गई है।
शहर के सगरा निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट शिवम शुक्ला ने मामले की शिकायत मानवाधिकार आयोग से की है। आयोग को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि कंधई थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने महिला को थप्पड़ मारते हुए अभद्र व्यवहार किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। बताया कि आंधी के कारण गांव में सफेदा का पेड़ गिर गया था। मार्ग बाधित हो रहा था।
कुछ महिलाएं पेड़ को अपनी निजी संपत्ति बताते हुए काटे जाने का विरोध कर रही थीं। राजस्व टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी के सामने पीड़िता ने बात रखनी चाही। शिकायत सुनने से पहले ही थाना प्रभारी ने थप्पड़ जड़ दिया।