रानीगंज इलाके के चौहरजन स्थित मां बाराही देवी धाम में 23 नवंबर से बाराही महोत्सव की शुरुआत होगी। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के अलावा फिल्मी सितारे भी समा बांधेंगे। हास्य-व्यंग्य और हंसी की फुलझड़ियां भी फूटेंगी। रविवार को क्षेत्रीय विधायक धीरज ओझा ने मां बाराही देवी धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। तीन दिवसीय बाराही महोत्सव की रूपरेखा तैयार की।
विधायक धीरज ओझा एसडीएम रानीगंज राहुल यादव, बीडीओ भूपेंद्र तिवारी के साथ बाराही धाम का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई का निर्देश दिया। बताया कि 23, 24 व 25 नवंबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बाराही महोत्सव के दौरान प्रथम चरण 11 बजे से दो बजे तक जगत जननी मां बराही की कथा के बाद दो चरणों में शासकीय सम्मेलन एवं गोष्ठियों का आयोजन होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती होगी। इस दौरान बॉलीवुड, भोजपुरी हस्तियों व प्रसिद्ध हस्तियों के अलावा स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एक्सईएन जलनिगम राधेश्याम वर्मा , प्रतिनिधि अजय ओझा, नीरज ओझा, शिवगढ़ प्रमुख प्रतिनिधि विनोद दुबे, मीडिया प्रभारी ललित तिवारी, राजन चौबे व राकेश चौधरी, सुधीर श्रीवास्तव, मोनू तिवारी, अमित दूबे, दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।