लालगंज-कालाकांकर मार्ग पर अझारा गांव के पास सोमवार शाम पांच बजे दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों पहले ट्रॉमा सेंटर लालगंज फिर वहां से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
लीलापुर थाना के डीहमेंहदी गांव निवासी अरमान (25), उजैफ (19) और रेहान (18) शाम में बाइक से लालगंज से रामपुर बावली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुरली का पुरवा निवासी अंश मिश्रा (18) अझारा गांव स्थित अपनी बहन के घर से बाइक लेकर लालगंज बाजार आ रहा था।
लालगंज-कालाकांकर मार्ग पर दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने अरमान को मृत घोषित कर दिया।
अन्य तीन युवकों की हालत गंभीर थी। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरमान चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी करीब एक साल पहले शादी हुई थी।
प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि दो बाइकों में भिड़ंत हुई थी। सभी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया था। एक युवक की मौत हो गई। अगर परिजनों की ओर से तहरीर मिलती है तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अरमान। फ़ाइल फ़ोटो