टाइनी शाखा से रुपये निकालकर घर जा रहे कालेज प्रबंधक को सफारी सवार लोगों ने अगवा कर दो हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। बनी गांव के करीब पुलिस ने सफारी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का प्रयास करते हुए भाग निकले। उन्हें पकड़ने के लिए नाकेबंदी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
कंधई थाना क्षेत्र के कहैनियां निवासी श्याम कुमार पटेल पुत्र मंगरु एक विद्यालय का प्रबंधक है। मंगलवार दोपहर वह करैला बाजार स्थित बैंक की टाइनी शाखा से रुपये निकालने गया था। दो हजार रुपये निकालने के बाद वह बाइक से घर की ओर जा रहा था। आरोप है कि करैला बाजार से दो मीटर दूर आगे बढ़ने पर पीछे से सफारी सवार आ गए। उन लोगों ने उसे मारपीट कर सफारी में जबरन बैठा लिया। उसका मोबाइल व दो हजार रुपये छीन लिए। यह देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े प्रबंधक को अगवा करने की खबर मिलने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में पुलिस सफारी का पीछा करने लगी। बनी गांव के करीब कार सवार लोग पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास करते हुए आगे बढ़ गए। हालांकि सिपाही के डंडे से सफारी का शीशा टूट गया। सफारी सवार तेरहमील से लौवार होते उडै़याडीह की ओर भाग निकले। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के आदेश के बाद कंधई, रानीगंज, नगर कोतवाली व पट्टी की सीमा सील करने के बाद पुलिस आरोपियों की खोजबीन करने लगी। इस बीच उड़ैयाडीह के आगे प्रबंधक को सफारी से गिराकर आरोपी भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ करने के बाद उसे लेकर कोतवाली आ गई। पट्टी कोतवाल ने बताया कि श्याम कुमार पटेल ने तहरीर दी है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका है।
कंधई के कहैंनिया निवासी कालेज प्रबंधक श्याम कुमार पटेल ने पुलिस की पूछताछ में पहले जानकारी दी थी कि उससे 16 हजार रुपये की छिनैती हुई है। जबकि टाइनी शाखा से उसने केवल 2 हजार रुपये ही निकाले थे। जांच में यह बात सामने आई तो उसने दो हजार रुपये छीनने की जानकारी दी। पट्टी कोतवाली में भी घटना को लेकर गहमागहमी व्याप्त रही।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र से कालेज प्रबंधक को अगवा कर भागे सफारी सवार को पकड़ने के लिए हाईवे समेत दूसरे रास्तों पर पुलिस की चेंकिंग तेज हो गई। भुपियामऊ चौकी प्रभारी ने प्रयागराज-अयोध्या और वाराणसी- लखनऊ राजमार्ग पर बैरियर लगाकर सभी वाहनों का आवागमन रोक दिया। करीब एक घंटे तक सफारी की खोजबीन होती रही। इस दौरान पुलिस सभी की खोजबीन भी करती रही। स्वाट टीम भी मौके पर पहुंचकर सफारी सवार लोगों की लोकेशन तलाशती रही।